सीतापुर में 10 वर्षीय बेटी के सामने दलित व्यक्ति की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

सीतापुर में 10 वर्षीय बेटी के सामने दलित व्यक्ति की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में बृहस्पतिवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दलित व्यक्ति की उसकी 10 वर्षीय बेटी के सामने पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, कमलापुर थाना क्षेत्र के लुधौरा गांव के पास यह घटना हुई।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान मनोज गौतम (35) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मनोज अपनी बेटी के साथ स्थानीय बाजार से लौट रहे थे कि तभी कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोककर हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि परिजन उन्हें कसमंडा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और अनुसूचित जाति/जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दो महिलाओं समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में शुभम सिंह, धीरेंद्र सिंह और नरेंद्र सिंह शामिल हैं।

अधिकारी ने बताया कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से चली आ रही रंजिश हो सकती है। पुलिस के मुताबिक, मनोज गौतम ने पहले भी आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया था और बुधवार को भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *