सीतापुर में पेड़ से लटका मिला युवक का शव:ससुराल में आया था, रात से था लापता; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सीतापुर में पेड़ से लटका मिला युवक का शव:ससुराल में आया था, रात से था लापता; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सीतापुर के मानपुर थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मानपुर-तेंदुआ संपर्क मार्ग के किनारे यूकेलिप्टस के पेड़ से एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला। सुबह करीब 7 बजे शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान झांसापुर निवासी पुनीत पुत्र तेजपाल गौतम के रूप में हुई है। पुनीत करीब 15 वर्ष पहले अहमदपुर निवासी पुत्तीलाल गौतम की बेटी रंजना से शादी हुई थी। दंपति के दो बच्चे हैं। सात वर्षीय बेटा शिवम और पांच वर्षीय बेटी अंशिका हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। रविवार को ससुराल आया था पुनीत परिजनों के अनुसार, पुनीत रविवार को अपनी ससुराल अहमदपुर आया था। सोमवार से वह काफी नशे की हालत में था। पत्नी रंजना के मुताबिक, पुनीत कई बार नशे में गांव की गलियों में घूमता मिला, जिसके बाद वह उसे पकड़कर घर लेकर आती थीं। बताया गया कि सोमवार शाम पुनीत अचानक घर से बाहर चला गया और काफी देर तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद पत्नी ने बारिश के बीच उसकी तलाश शुरू की। परिजनों और ग्रामीणों ने भी आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। सुबह सड़क किनारे पेड़ से लटका मिला शव मंगलवार सुबह गांव के दक्षिण दिशा में मानपुर-तेंदुआ मार्ग के किनारे यूकेलिप्टस के पेड़ से पुनीत का शव फंदे पर लटका मिला। शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर घटनास्थल की जांच की। फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुनीत ने आत्महत्या की है या उसकी मौत के पीछे कोई अन्य वजह है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद पत्नी रंजना और बच्चों समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *