सीकर के जिला खेल स्टेडियम में अग्निवीर सेना भर्ती रैली चल रही है। भर्ती रैली के 13वें दिन मंगलवार को झुंझुनूं जिले और नीमकाथाना तहसील के 620 युवाओं ने दौड़ लगाई। भर्ती रैली में सीकर, अलवर, कोटा, झुंझुनूं, जयपुर और टोंक समेत 8 जिले के करीब 12 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल होने की संभावना है। जयपुर आर्मी हैड क्वार्टर की ओर से आयोजित अग्निवीर सेना भर्ती रैली को लेकर सेना के अधिकारी और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हैं। भर्ती रैली के डायरेक्टर (कर्नल) हरीश चंद्र ने बताया- निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 अक्टूबर को झुंझुनूं जिले के 600 और नीमकाथाना तहसील के 20 युवाओं समेत 620 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। वहीं 14 अक्टूबर को सीकर जिले के रामगढ़ शेखावाटी, सीकर व सीकर ग्रामीण क्षेत्र के 116 तथा एआरओ अलवर के 504, कुल 620 अभ्यर्थी दौड़ लगाएंगे। भर्ती रैली में कुल 12 हजार 270 अभ्यर्थियों ने अप्लाई किया है। 23 अक्टूबर तक चलेगी भर्ती रैली ये भर्ती रैली 23 अक्टूबर तक चलेगी। रैली के 14वें दिन सीकर ग्रामीण, रामगढ़ शेखावाटी तहसील और अलवर जिले के 620 युवा 400 मीटर के ट्रैक पर दौड़ेंगे। आर्मी रिक्रूटमेंट ऑफिसर कर्नल हरीश चंद्र ने बताया- सीकर के जिला खेल स्टेडियम में 1 से 23 अक्टूबर तक विभिन्न तिथियों में अलग-अलग जिलों के अभ्यर्थी शारीरिक दमखम दिखाएंगे। जयपुर और सीकर जिले के साथ-साथ झुंझुनूं, अलवर, कोटा और जोधपुर एआरओ भर्ती क्षेत्र से संबंधित अभ्यर्थियों का तिथि व क्षेत्रवार फिटनेस टेस्ट और मेडिकल टेस्ट किया जाएगा।

