सीएम योगी की अगुवाई में सोमवार को निकलेगी तिरंगा यात्रा:गोरखपुर नगर निगम परिसर से रेलवे स्टेशन चौक तक बनेगा रूट

सीएम योगी की अगुवाई में सोमवार को निकलेगी तिरंगा यात्रा:गोरखपुर नगर निगम परिसर से रेलवे स्टेशन चौक तक बनेगा रूट

विभाजन विभीषिका दिवस (14 अगस्त) और स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) पर ‘हर घर तिरंगा’ फहराने के संकल्प के उपलक्ष्य में 10 अगस्त (सोमवार) को गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। नगर निगम परिसर स्थित रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा से लेकर रेलवे स्टेशन चौक स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा तक निकलने वाली तिरंगा यात्रा के जरिये मुख्यमंत्री सभी नागरिकों से अपने अपने घर पर तिरंगा फहराने का आह्वान करेंगे। यह दूरी लगभग 3 किलोमीटर है। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत प्रदेश सरकार ने इस वर्ष राज्य में 5 करोड़ घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का लक्ष्य तय किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अभियान को व्यापक जनांदोलन बनाने का आह्वान कर रखा है। अभियान के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सरकार ने व्यापक कार्ययोजना बनाई है। इसी क्रम में प्रदेशभर में तिरंगा यात्राओं का भी आयोजन किया जाएगा जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री, काकोरी ट्रेन एक्शन की ऐतिहासिक तिथि पर 9 अगस्त को लखनऊ से करेंगे। इसके अगले दिन गोरखपुर में निकलने वाली तिरंगा यात्रा में भी सीएम योगी सम्मिलित होंगे। महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने बताया कि 10 अगस्त को मुख्यमंत्री की अगुवाई में निकलने वाली तिरंगा यात्रा को भव्य बनाने के लिए नगर निगम की तरफ से जोरदार तैयारी की जा रही है। तिरंगा यात्रा का रूट नगर निगम परिसर से रेलवे स्टेशन चौराहा तक तय किया गया है। सीएम योगी नगर निगम परिसर स्थित रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा शुरू करेंगे। गोलघर चौराहा, कालीमंदिर, यातायात तिराहा होते हुए यात्रा रेलवे स्टेशन चौराहा पर पहुंचेगी। यहां महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ यात्रा का विराम होगा। लगभग 3 किमी पैदल चलेंगे सीएम सीएम योगी आदित्यनाथ हाथों में तिरंगा लेकर पैदल ही इस यात्रा को पूरा करेंगे। नगर निगम स्थित रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा से रेलवे स्टेशन चौक स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा के बीच की दूरी लगभग 3 किलोमीटर है। सीएम के पदयात्रा में शामिल होने को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *