मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को बाड़मेर दौरे पर रहेंगे। वे बाड़मेर जिले के बाछड़ाऊ गांव में जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रशासन की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। इसके लिए भव्य पांडाल तैयार किया गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री जोधपुर संभाग के 8 जिलों को करीब 2700 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात देंगे। बाड़मेर कलेक्टर चिन्मयी गोपाल, एसपी चूनाराम जाट सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने मंगलवार को भी तैयारियों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री करीब 7 महीने बाद बाड़मेर आ रहे हैं। वे फरवरी 2026 में गुड़ामालानी में आलमजी मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा में आए थे। मुख्यमंत्री जोधपुर संभाग के 8 जिलों के लिए कई विकास कार्यों की सौगात देंगे। इसमें बाड़मेर, बालोतरा, जोधपुर, जैसलमेर, जालोर, पाली, सिरोही, फलौदी जिलों के विकास कार्य शामिल हैं। इनमें करीब 2700 करोड़ के 1013 विकास कार्य हैं। इनमें करीब एक हजार काम अकेले बाड़मेर जिले के हैं।
बजट घोषणाओं से जुड़े विकास कार्यों का अब शिलान्यास भी किया जाएगा। इसके अलावा सड़क, पानी, बिजली, सरकारी भवनों के जो काम पूरे हो गए हैं, उनका लोकार्पण भी करेंगे। बाछड़ाऊ में सभा के दौरान सीएम ऑनलाइन पट्टिकाओं का अनावरण करेंगे। 129 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास होगा सीएम के प्रस्तावित दौरे के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग के 129 करोड़ की लागत के इन 16 कार्यों का शिलान्यास होगा। इनमें अधिकांश सड़क मार्ग हैं। एनएच-68 सनावड़ा से धर्मपुरा मेहलू तक सड़क चौड़ीकरण 21 करोड़, बाछड़ाऊ से वाया लीलसर-चौहटन तक 12 करोड़, उड़ासर से नोखड़ा तक 20 करोड़, एनएच-68 से वाया सेंटपॉल स्कूल से हरचंद की प्याऊ तक, एनएच-68 से भगवती ग्रीन टाउनशिप तक 11 करोड़, एनएच-68 बलदेव नगर से पानी की पीली टंकी तक 3.50 करोड़, शिव से कोटड़ा तक 4 करोड़, कवास-भीमडा, बाटाडू-उण्डू तक 8.40 करोड़ सहित 16 कार्यों का शिलान्यास होगा। 3 विधानसभा का सेंटर प्वाइंट है बाछड़ाऊ मुख्यमंत्री की सभा के लिए बाड़मेर जिले का बाछड़ाऊ चुना गया। इसके पीछे की वजह यह भी है कि बाछड़ाऊ तीन विधानसभाओं का सेंटर पॉइंट है। इसके अलावा हाल ही में नव-सर्जित की गई तीन नई पंचायत समितियां इस गांव से महज 8-10 किमी. के दायरे में हैं। पंचायतीराज चुनावों में भी भाजपा प्रचंड बहुमत से गांवों में अपनी सरकार बनाने के प्रयास में है। इसके लिए चौहटन, शिव, बाड़मेर, गुड़ामालानी, बायतु सहित कई विधानसभाओं से 12 हजार लोगों की भीड़ सभा के लिए बुलाई गई है। सीएम के इस दौरे के यह है सियासी मायने सीएम के इस दौरे को आगामी पंचायतीराज चुनावों के लिए भाजपा का शंखनाद माना जा रहा है। एक ही जनसभा से सीएम बाड़मेर, चौहटन, गुड़ामालानी, शिव व बायतु विधानसभाओं के ग्रामीण वोटर्स को सीधा संदेश देंगे। नई पंचायत समितियों के वोटर्स के बीच सरकार अपना विजन मजबूत करना चाहती है। बजट घोषणाओं के शिलान्यास के जरिए सीएम गांव-ढाणी के मतदाताओं को यह विश्वास दिलाना चाहते हैं कि सरकार की योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं।

