लखनऊ के इको गार्डन में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) के अनिश्चितकालीन धरने का असर प्रयागराज की ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं पर दिखाई देने लगा है। प्रयागराज के 521 आयुष्मान आरोग्य मंदिर और सब-सेंटर सीएचओ की अनुपलब्धता से प्रभावित हो रहे हैं। इसके चलते ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को सामान्य उपचार और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर स्थित अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सामान्य बीमारियों की जांच, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, दवा वितरण और स्वास्थ्य परामर्श जैसी सुविधाएं मिलती हैं। सीएचओ की अनुपस्थिति से इन सेवाओं की नियमितता प्रभावित हुई है। सीएचओ संगठनों का कहना है कि वे अलग कैडर के गठन, नियमितीकरण, सम्मानजनक मानदेय समेत अन्य मांगों को लेकर लंबे समय से शासन का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। संगठन ने सरकार से सीएचओ प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए बुलाकर मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।

