सिवनी जिले के कुरई थाना क्षेत्र के ग्राम मोहगांव सड़क में सूने मकान का ताला तोड़कर हुई लाखों रुपए की चोरी का पुलिस ने मंगलवार शाम 5:30 बजे खुलासा कर दिया है। पुलिस ने नागपुर के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेत करीब 11.70 लाख रुपए का सामान बरामद किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र के नागपुर जिले के विभिन्न थानों में चोरी और मारपीट के मामले पहले से दर्ज बताए गए हैं। एसडीपीओ ललित गठरे ने बताया कि मोहगांव सड़क निवासी राहुल राय 24 सितंबर की शाम परिवार के साथ गणेश जी के भंडारे में शामिल होने गए थे। रात करीब 8:35 बजे जब वे वापस घर पहुंचे तो पीछे के दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर रखी गोदरेज की अलमारी का लॉक भी तोड़ा गया था। अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब थी। घटना की शिकायत पर कुरई पुलिस ने 25 सितंबर को दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर सूचना मिली कि चोरी में शामिल आरोपी काले रंग की एक्टिवा से चोरी के जेवर बेचने बालाघाट की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने ग्राम रिड्डी के पास मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान MH 40 DA 5877 नंबर की काली एक्टिवा को रोककर उस पर सवार दो युवकों से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने मोहगांव सड़क स्थित सूने मकान में चोरी करना स्वीकार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी के जेवरात और नकदी बरामद हुई, जिसकी कुल कीमत करीब 11.70 लाख रुपए बताई गई है। इनको किया गिरफ्तार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हितेश उर्फ कालिया (32), निवासी न्यू खलासी लाइन कामठी और बादल (27), निवासी शिवनगर रामगढ़, कामठी, जिला नागपुर के रूप में हुई है।

