नौबस्ता थाना क्षेत्र में सिगरेट लाने से मना करने पर हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों ने पिस्टल की बट मारकर युवक को घायल कर दिया। बीच बचाव में पहुंचे घायल के भाई व उसके दोस्तों को आरोपियों ने लाठी–डंडों से पीटा। इसके बाद आरोपी युवक को कार से चढ़ाने का प्रयास किया, जिससे उसके पैर फैक्चर हो गया। न्यू श्याम नगर निवासी अमर सिंह भदौरिया ने बताया कि शनिवार सुबह करीब चार बजे उसका भाई अविनाश नौबस्ता बाईपास पर खड़ा था। गल्ला मंडी निवासी हर्ष द्विवेदी अपने भाई देव, साथी आरव मिश्रा व अन्य लोगों के साथ पहुंचा और सिगरेट लाने को कहा। सिगरेट लाने से मना करने पर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। अमर के पहुंचने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि हर्ष ने पिस्टल की बट से अमर के सिर दे मारी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। आरोप है कि बाद में दोस्त करन मिश्रा स्कार्पियो से कुचलकर मारने का प्रयास किया। नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर हिस्ट्रीशीटर हर्ष द्विवेदी, उसके भाई देव, साथी आरव मिश्रा समेत अन्य के खिलाफ मारपीट कर जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी कर कार्रवाई की जाएगी।

