लखनऊ में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त 2026 को शिया पीजी कॉलेज, लखनऊ में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी बेहद आवश्यक हैं। विभागाध्यक्ष शारीरिक शिक्षा एवं खेल कुंवर जय सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान बैडमिंटन और टग ऑफ वार प्रतियोगिता आयोजित की गईं। बैडमिंटन महिला वर्ग में अदिति एवं प्रगति की जोड़ी ने प्रथम तथा एमन एवं अनन्या की जोड़ी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बैडमिंटन पुरुष वर्ग में आदित्य कुमार मिश्रा एवं सफी की जोड़ी प्रथम, जबकि राजदीप एवं शिवम सिंह की जोड़ी द्वितीय स्थान पर रही। टग ऑफ वार प्रतियोगिता में शिया टाइगर्स ने प्रथम और शिया वॉरियर्स ने द्वितीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम में कॉलेज के वित्त अधिकारी डॉ. एजाज़ अब्बास, डॉ. अर्चना सिंह, डॉ. वहीद आलम, निदेशक लीगल एड क्लीनिक अजीत सिंह सहित कॉलेज के शिक्षक एवं अन्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

