सिद्धार्थनगर के बैजनाथपुर के सरोजनीनगर वार्ड में घर में घुसकर मारपीट के मामले में 81 दिन बाद मुकदमा दर्ज हुआ है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ की गई है। घटना 23 जुलाई 2026 की सुबह करीब 7 बजे की है, जबकि सिद्धार्थनगर थाने में 12 अक्टूबर को केस दर्ज हुआ। शिकायतकर्ता कृष्णचंद्र ने बृजेश, विशाल, महेंद्र, मिंदर और अनिल पर घर में घुसकर मारपीट करने, चोट पहुंचाने और धमकी देने का आरोप लगाया है। कृष्णचंद्र के मुताबिक, पांचों लोग उनके घर आए और मारपीट की। शोर सुनकर पड़ोसियों ने बीच-बचाव किया। कृष्णचंद्र को काफी चोटें आईं, जिसके बाद उन्होंने माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में इलाज कराया। कृष्णचंद्र ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने सिद्धार्थनगर थाने में शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 27 जुलाई को उन्होंने पुलिस अधीक्षक को भी प्रार्थना पत्र दिया। वहां भी कार्रवाई न होने पर उन्हें न्यायालय का सहारा लेना पड़ा। न्यायालय के आदेश के बाद सिद्धार्थनगर थाने में पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें घर में घुसने, मारपीट, चोट पहुंचाने और धमकी देने जैसी धाराएं शामिल हैं। मामले की जांच उपनिरीक्षक सचिंद्र को सौंपी गई है।

