एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम के हॉस्टल में रहने वाले नेशनल टेबल टेनिस खिलाड़ी के सिगरेट पीने का मामला सामने आया है। आरएसओ ने डांटा तो 17 साल का खिलाड़ी बिना बताए हॉस्टल से गायब हो गया। 31 जुलाई से लापता वंश को पुलिस ने 35 दिन की तलाश के बाद मुंबई से बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, वंश आगरा के एकलव्य स्टेडियम हॉस्टल में रहकर टेबल टेनिस की प्रैक्टिस करता था। हॉस्टल में उसके बैग से सिगरेट मिली थी। इस पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी ने उसे डांटा था। इसी डर से वह 31 जुलाई को हॉस्टल छोड़कर चला गया। परिजनों ने सदर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। CCTV से मिला सुराग
जांच में पुलिस ने कैंट रेलवे स्टेशन के CCTV खंगाले। इसमें वंश स्टेशन की ओर जाता दिखा। इसके बाद पुलिस ने उसकी सोशल मीडिया एक्टिविटी ट्रेस की। उसने अपने एक दोस्त को इंस्टाग्राम पर मैसेज किया था, उसी लोकेशन से पुलिस को मुंबई का क्लू मिला। मथुरा से मुंबई तक भटका
पुलिस जांच में सामने आया कि वंश आगरा से ट्रेन पकड़कर पहले मथुरा, फिर उज्जैन, नागदा और इंदौर होते हुए मुंबई पहुंच गया था। वहां वह कुछ लड़कों के साथ रहकर मजदूरी करने लगा था। पुलिस टीम ने मुंबई में दबिश देकर उसे सकुशल बरामद कर लिया और आगरा ले आई। पूछताछ में उसने बताया कि डांट के डर से वह हॉस्टल छोड़कर चला गया था। पुलिस ने उसे चाइल्ड केयर सेंटर भेज दिया है। अब उसे किशोर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

