सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी 28 सितंबर से करेंगे चरणबद्ध आंदोलन:बांदा में लंबित मांगों पर कार्रवाई न होने से असंतोष, डीएम को दिया पत्र

सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी 28 सितंबर से करेंगे चरणबद्ध आंदोलन:बांदा में लंबित मांगों पर कार्रवाई न होने से असंतोष, डीएम को दिया पत्र

बांदा में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) की लंबित मांगों और साल 2024 के आंदोलन के दौरान बनी सहमतियों पर कार्रवाई न होने को लेकर संगठन ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। एसोसिएशन ऑफ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स उत्तर प्रदेश की बांदा इकाई ने गुरुवार को जिलाधिकारी को पत्र देकर प्रस्तावित चरणबद्ध आंदोलन और अनिश्चितकालीन धरने की पूर्व सूचना दी। संगठन ने पत्र में कहा है कि CHO की कई सेवा संबंधी मांगें लंबे समय से लंबित हैं। साल 2024 में आंदोलन के दौरान शासन और विभागीय स्तर पर मांगों को लेकर सहमति बनी थी और समाधान का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से CHO में असंतोष है।
संगठन के अनुसार, 28 और 29 सितंबर को सभी CHO काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज करेंगे। इस दौरान वे अपने-अपने आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर मौजूद रहेंगे और ऑनलाइन काम बंद रखेंगे। इसके बाद 30 सितंबर को प्रदेशभर के CHO लखनऊ में इकट्ठा होंगे। यहां आंदोलन के अगले चरण और प्रस्तावित अनिश्चितकालीन धरने को लेकर सामूहिक कार्यक्रम होगा। CHO ने अलग कैडर बनाकर नियमितीकरण की स्पष्ट नीति लागू करने, AB-HWC की ऑपरेशनल गाइडलाइंस के अनुसार मानदेय देने, PB-1 को मासिक मानदेय में मिलाने की मांग की है। इसके साथ ही अनुभव के आधार पर प्राथमिकता, खाली पदों पर ट्रांसफर, स्वास्थ्य बीमा और सामाजिक सुरक्षा की सुविधा देने की मांग भी रखी है। जिला महामंत्री भानुप्रताप सिंह और जिला अध्यक्ष अनिकेत पटेल ने जिलाधिकारी से मांगों को शासन तक भेजने और साल 2024 में बनी सहमतियों पर तुरंत कार्रवाई कराने का अनुरोध किया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *