सामाजिक सेवा, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और युवा उद्यमिता को नई दिशा देने का संकल्प

सामाजिक सेवा, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और युवा उद्यमिता को नई दिशा देने का संकल्प

वडोदरा. मैथिल समन्वय फाउंडेशन की वार्षिक आम सभा का आयोजन तरसाली रोड पर एक फार्म में हुआ। सभा में समाज के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं महिला प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता की।
सभा की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष बी.के. मिश्रा ने की। महासचिव विकास ने संस्था की आगामी कार्ययोजना एवं सामाजिक सेवा प्रकल्पों की रूपरेखा प्रस्तुत की।

सामाजिक सेवा और जनभागीदारी पर जोर

महासचिव विकास ने गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा, स्वच्छ भारत, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता एवं जरूरतमंदों की सेवा को प्राथमिकता देने की बात कही।
उन्होंने कहा कि गुजरात में रहने वाला मैथिल समाज अपनी संस्कृति और संस्कारों को संरक्षित रखते हुए गुजरात एवं देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएगा। सामाजिक सेवा के साथ शिक्षा, महिला नेतृत्व, युवा सशक्तिकरण, कौशल विकास एवं उद्यमिता को नई गति देने के लिए फाउंडेशन प्रतिबद्ध है।
सभा में उपस्थित सदस्यों ने संस्था की आगामी योजनाओं को पूर्ण सहयोग देने तथा समाज के अधिक से अधिक लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ने का संकल्प लिया। सामूहिक संकल्प में बेटी की शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को जन अभियान बनाना, युवाओं को कौशल, स्टार्टअप एवं उद्यमिता से जोड़ना, जरूरतमंदों की सेवा एवं सामाजिक सहयोग को प्राथमिकता देना, मैथिली भाषा, संस्कृति एवं संस्कारों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना शामिल है।

युवा शक्ति और उद्यमिता बनेगी प्राथमिकता

सभा में युवाओं को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए स्टार्टअप, उद्यमिता, स्किल डेवलपमेंट एवं रोजगार सृजन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। अनुभवी उद्यमियों एवं विशेषज्ञों के मार्गदर्शन से युवाओं को स्वरोजगार और नए व्यवसाय के अवसरों से जोड़ने की दिशा में कार्य करने का संकल्प लिया गया।
अध्यक्ष बी.के. मिश्रा ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, संस्कार और सामूहिक सोच में है। इस अवसर पर वरिष्ठ संयोजक बी.एन. झा एवं जे.एस. मिश्रा की उपस्थिति रही। संस्था के वरिष्ठ मार्गदर्शक प्रवीण झा ने अपने संदेश के माध्यम से संस्था के प्रत्येक समाज हितकारी निर्णय के प्रति अपना पूर्ण विश्वास, समर्थन व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *