लखनऊ के इंदिरानगर थाने की तकरोही चौकी प्रभारी दरोगा आनंद कुमार मिश्रा सात दिन बाद सोमवार को प्रयागराज के एक होटल में परिजनों को मिल गए। वह 11 अगस्त को थाने जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। इसके बाद उनकी पत्नी दरोगा अंजली ने सरोजनीनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सरोजनीनगर की विष्णु लोक कॉलोनी निवासी अंजली डीसीपी सेंट्रल कार्यालय में तैनात हैं। पुलिस के मुताबिक, आनंद कुमार मिश्रा घरवालों से नाराज थे। घर से निकलने के बाद वह वाराणसी चले गए और वहां दो दिन रुके। इसके बाद उन्होंने प्रयागराज जाने के लिए कार बुक की और वहां पहुंचकर एक होटल में ठहर गए। सरोजनीनगर इंस्पेक्टर राजदेव ने बताया कि प्रयागराज में होटल में ठहरे होने की जानकारी मिलने के बाद परिजन वहां पहुंचे और आनंद को सकुशल मिल गए। उन्होंने बताया कि दरोगा पूरी तरह सुरक्षित हैं।

