सहारनपुर पुलिस ने एटीएम से रुपए निकालने में मदद के बहाने लोगों के कार्ड बदलकर खातों से रकम निकालने वाले आरोपी को सोमवार दोपहर दो बजे के करीब गिरफ्तार किया है। जनकपुरी थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी के पास से 11 एटीएम कार्ड और 3210 रुपए नकद बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र के आलमगीरपुर दुधली निवासी अर्जुन उर्फ जंधी पुत्र राजकुमार के रूप में हुई है। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि न्यू शारदा नगर निवासी विपिन कुमार ने 13 सितंबर को जनकपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 10 जुलाई को एटीएम से रुपए निकालते समय एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल लिया था। इसके बाद उनके खाते से 44 हजार रुपए निकाल लिए गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। एसएसपी अभिनंदन सिंह के निर्देश पर इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार चीमा के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। पुलिस ने सोमवार को जेल चुंगी के पास देहरादून रोड स्थित एटीएम के पास से आरोपी अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एटीएम पर ऐसे लोगों को निशाना बनाता था, जिन्हें रुपए निकालने में परेशानी होती थी। आरोपी मशीन में गड़बड़ी या चिपकाने वाली चीज का इस्तेमाल कर ग्राहक को भ्रमित करता था। इसके बाद मदद के बहाने उसका कार्ड लेकर चालाकी से दूसरा कार्ड दे देता था। बदले हुए कार्ड का इस्तेमाल कर वह खाते से रकम निकाल लेता था। पुलिस का कहना है कि बरामद किए गए 11 एटीएम कार्ड अलग-अलग लोगों के हो सकते हैं। इनके संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही, आरोपी के साथ किसी अन्य व्यक्ति के शामिल होने की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अर्जुन के खिलाफ पहले से झांसी में पांच और मुजफ्फरनगर में चार केस दर्ज हैं। सहारनपुर में भी उसके खिलाफ कई केस दर्ज हैं। आरोपी पर गैंगस्टर और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर केस भी दर्ज हैं।

