सहारनपुर में पुलिस ने गुरुवार शाम स्मैक तस्करी में तबस्सुम उर्फ काली और उसके पति जीशान और संजीदा को गिरफ्तार किया है। तीनों के कब्जे से कुल 1 किलो 20 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। पुलिस ने इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ 5 लाख 40 हजार रुपए बताई है। एसएसपी अभिनंदन ने गुरुवार शाम 5 बजे पीसी में बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि सहारनपुर में स्मैक के बड़े अवैध कारोबार को तबस्सुम उर्फ काली चला रही थी। वह स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटरों को स्मैक की सप्लाई करती थी। पुलिस की जांच में इस नेटवर्क से जुड़े कई और लिंक भी सामने आए हैं। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। तीनों के पास से अलग-अलग मात्रा में स्मैक मिली पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान जीशान के पास से 290 ग्राम, तबस्सुम उर्फ काली से 455 ग्राम और संजीदा के पास से 275 ग्राम स्मैक बरामद की गई। तीनों के खिलाफ चिलकाना थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, जीशान के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और गोवध निवारण अधिनियम समेत अलग-अलग धाराओं में 9 केस दर्ज हैं। तबस्सुम के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तीन पुराने मामले बताए गए हैं। संजीदा के खिलाफ भी पहले से मुकदमा दर्ज है। अवैध संपत्तियां होंगी कुर्क एसएसपी ने बताया कि नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की संपत्तियों की पहचान भी शुरू कर दी है। अपराध से कमाई गई या अवैध तरीके से बनाई गई संपत्तियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत कुर्क किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि स्मैक के इस नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ दर्ज मामलों में प्रभावी पैरवी कर उन्हें सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी।

