सहारनपुर में युवक से तमंचे के बल पर लूट:बदमाशों ने डंडा अड़ाकर एक्टिवा गिराई, दो मोबाइल, 15 हजार लूटे

सहारनपुर में युवक से तमंचे के बल पर लूट:बदमाशों ने डंडा अड़ाकर एक्टिवा गिराई, दो मोबाइल, 15 हजार लूटे

सहारनपुर के थाना कुतुबशेर क्षेत्र में सोमवार रात करीब 10 बजे तीन अज्ञात बदमाशों ने एक एक्टिवा सवार युवक से तमंचे के बल पर लूटपाट की। बदमाशों ने युवक को रोकने के लिए उसकी एक्टिवा के आगे डंडा अड़ा दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद बदमाशों ने युवक के साथ मारपीट की और तमंचे की बट से उसके सिर पर वार किया। पीड़ित की पहचान आजाद कॉलोनी, चंद्रभान की पुलिया निवासी मोहम्मद सरफराज के रूप में हुई है। वह सहारनपुर के पीजीआई अस्पताल जा रहा था, जहां उसके फूफा के बेटे का ऑपरेशन होना था। बदमाशों ने सरफराज से दो मोबाइल फोन और लगभग 15 हजार रुपये नकद लूट लिए। लूटपाट के दौरान सरफराज को सीने, पैर और कोहनी में चोटें आईं। सीने में चोट लगने के कारण उसे सांस लेने में भी परेशानी हो रही है। सरफराज ने पुलिस को बताया कि तीनों बदमाशों में से एक की उम्र करीब 40 वर्ष थी और उसने मूंछें रखी थीं। कुछ बदमाशों ने अपने चेहरे गमछे से ढके हुए थे, जिससे उनकी पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई। घटना की सूचना मिलते ही सीओ प्रथम रविकांत पराशर और थाना कुतुबशेर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित से जानकारी लेने के बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और बदमाशों की तलाश में आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *