सहारनपुर में गर्भवती विवाहिता से दहेज के लिए मारपीट:गला घोंटने की कोशिश, पति पर पहली शादी छिपाने का आरोप, 4 पर FIR

सहारनपुर में गर्भवती विवाहिता से दहेज के लिए मारपीट:गला घोंटने की कोशिश, पति पर पहली शादी छिपाने का आरोप, 4 पर FIR

सहारनपुर से दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है। यहां एक गर्भवती विवाहिता ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और रस्सी से गला घोंटकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। विवाहिता का यह भी आरोप है कि उसके पति ने अपनी पहली शादी की बात छिपाकर उसके साथ शादी की। शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने मंगलवार सुबह सात बजे पति समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामला देवबंद थाना क्षेत्र के बनखेड़ा खास गांव का है। यहां रहने वाली फरीना की शादी 3 जनवरी 2026 को शाहनवाज पुत्र मंगता के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। फरीना के मुताबिक, शादी में उसके मायके वालों ने करीब पांच लाख रुपए खर्च किए। घरेलू सामान, फर्नीचर, बर्तन, कपड़े और सोने-चांदी के जेवर भी दिए गए। लेकिन आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज लाने को लेकर उसे ताने देने लगे। पति शाहनवाज, देवर सरताज, ससुर मंगता और सास शकीला पर दो लाख रुपए और बुलेट मोटरसाइकिल अतिरिक्त दहेज में मांगने का आरोप है। विवाहिता का कहना है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी। शिकायत में फरीना ने आरोप लगाया है कि 16 मई को चारों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान उसके गले में रस्सी डालकर गला घोंटने की कोशिश की गई। विवाहिता का दावा है कि वह करीब तीन महीने की गर्भवती है और किसी तरह अपनी जान बचाकर आरोपियों को अपने मायके चलने के लिए तैयार किया। आरोप है कि मायके पहुंचने के बाद उसकी मां फरजाना ने दहेज की मांग पूरी करने से इनकार किया तो आरोपियों ने घर में घुसकर दोनों के साथ मारपीट की। शोर सुनकर तौसीफ, अबुजर समेत गांव के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को बचाया। फरीना ने अपने पति पर पहली शादी की बात छिपाने का भी आरोप लगाया है। उसके मुताबिक, शाहनवाज पहले से शादीशुदा है और उसकी पहली पत्नी से दो बेटियां हैं।पहली पत्नी से जुड़े मामले अदालत में विचाराधीन होने का भी शिकायत में जिक्र है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *