सलूम्बर नगर परिषद सलूम्बर के सभापति पद के चुनाव को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। अंतिम दिन वार्ड नंबर 8 के पार्षद कैलाश गांधी को पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर उनका नामांकन दाखिल कराया गया। इससे एक दिन पहले कांग्रेस की ओर से वार्ड नंबर 2 के पार्षद नरेश कुमार जैन नामांकन दाखिल कर चुके हैं। दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशी मैदान में आने के साथ ही सभापति चुनाव की तस्वीर स्पष्ट हो गई है। अब 21 सितंबर को होने वाली चुनाव प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हैं। कैलाश गांधी को घोषित किया प्रत्याशी भाजपा में सभापति पद के प्रत्याशी के चयन को लेकर सोमवार से ही मंथन चल रहा था। काफी मशक्कत के बाद वार्ड 8 के पार्षद कैलाश गांधी के नाम पर सहमति बनी। इसके बाद पार्टी की ओर से उन्हें अधिकृत सिंबल दिया गया और उन्होंने सभापति पद के लिए नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान सलूम्बर विधानसभा क्षेत्र की विधायक शांता अमृतलाल मीणा, भाजपा जिला अध्यक्ष, नगर मंडल अध्यक्ष सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। 25 पार्षदों का बोर्ड, बहुमत के लिए 13 का आंकड़ा सलूम्बर नगर परिषद में कुल 25 पार्षद हैं। 14 सितंबर को हुई मतगणना के परिणाम के अनुसार भाजपा के 12, कांग्रेस के 11, बीएपी का एक और एक निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुआ है। सभापति पद के लिए बहुमत का आंकड़ा 13 पार्षद है।
भाजपा को बहुमत के लिए एक अतिरिक्त पार्षद के समर्थन की जरूरत है,जबकि कांग्रेस को दो पार्षदों के समर्थन की आवश्यकता होगी। ऐसे में बीएपी और निर्दलीय पार्षद की भूमिका चुनावी गणित में महत्वपूर्ण हो सकती है। हालांकि, अंतिम स्थिति संबंधित पार्षदों के निर्णय और चुनाव प्रक्रिया के दौरान ही स्पष्ट होगी। कांग्रेस के नरेश जैन पहले ही मैदान में कांग्रेस ने सभापति पद के लिए वार्ड नंबर 2 के पार्षद नरेश कुमार जैन को प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने सोमवार को ही नामांकन दाखिल कर दिया था। भाजपा की ओर से कैलाश गांधी के नामांकन के साथ अब दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशी आमने-सामने हैं।
21 सितंबर को होगा फैसला नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभापति पद के चुनाव की अगली प्रक्रिया 21 सितंबर को होगी। 25 सदस्यीय नगर परिषद में बहुमत के लिए 13 पार्षदों का समर्थन जरूरी है। ऐसे में दोनों दलों के मौजूदा संख्या बल के बीच एक-एक पार्षद के समर्थन का गणित चुनावी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण रहेगा। सभापति पद पर अंतिम फैसला 21 सितंबर को सामने आएगा। …. यह खबर भी पढ़ें सलूंबर में पूर्व सभापति पार्षद का चुनाव हारे:वार्ड 14 में लॉटरी से बीजेपी प्रत्याशी को मिली जीत, निर्दलीय-बाप पार्षद बने किंगमेकर सलूंबर में बाप-निर्दलीय के हाथ में सभापति पद की चाबी:बीजेपी को एक और कांग्रेस को 2 पार्षदों की जरूरत, वार्ड 14 में लॉटरी से निकला रिजल्ट

