Suriya Online Trolls: तमिल सिनेमा के सुपरस्टार सूर्या ने सोशल मीडिया पर बढ़ती ट्रोलिंग को लेकर अपनी बात रखी है। चेन्नई में ऑल इंडिया सूर्या फैंस क्लब की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में अभिनेता ने अपने प्रशंसकों से ऑनलाइन ट्रोल्स को ज्यादा तवज्जो नहीं देने की अपील की। सूर्या ने नकारात्मक कमेंट्स पर प्रतिक्रिया देने को अपनी ऊर्जा की बर्बादी बताया और फैंस से प्यार फैलाने की बात कही।
ट्रोल्स को लेकर क्या बोले सूर्या?
फैंस के साथ बातचीत के दौरान सूर्या ने सोशल मीडिया पर लगातार बढ़ती नकारात्मकता का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की पोस्ट देखकर तुरंत प्रतिक्रिया देना कई बार खुद को ही परेशान करने वाला साबित होता है। उनके मुताबिक हर व्यक्ति को अपनी सोच के साथ रहने देना चाहिए और हर किसी को समझाने की कोशिश करना जरूरी नहीं है।
सूर्या ने अपने प्रशंसकों से कहा कि वे नफरत करने वालों के साथ बहस करने के बजाय अपने काम पर ध्यान दें। अभिनेता ने सलाह दी कि जिस काम को वे पसंद करते हैं, उसे ईमानदारी से करते रहें और सोशल मीडिया पर होने वाली हर टिप्पणी को गंभीरता से लेने से बचें।
सूर्या ने अपने बयान में ट्रोल्स के लिए ‘पैरासाइट्स’ शब्द का इस्तेमाल किया। उन्होंने फैंस को संदेश दिया कि दूसरों की नकारात्मक बातों में उलझने के बजाय अपने लक्ष्य पर ध्यान देना चाहिए। उनके मुताबिक समय और ऊर्जा को बेवजह की ऑनलाइन बहस में खर्च करने से कोई फायदा नहीं होता।
‘विष्वनाथ एंड सन्स’ की सफलता के बाद फैंस से मिले सूर्या
सूर्या यह बातचीत अपनी हालिया फिल्म ‘विष्वनाथ एंड सन्स’ की सफलता के बाद फैंस के साथ आयोजित मुलाकात में कर रहे थे। फिल्म में उनके साथ ममिता बैजू, राधिका सरथकुमार, रवीना टंडन, नासर और राजीव मेनन सहित कई कलाकार नजर आए हैं।
फिल्म की कामयाबी पर बात करते हुए सूर्या ने यह भी कहा कि किसी फिल्म की सफलता का आकलन केवल टिकटों की संख्या से नहीं किया जाना चाहिए। उनके लिए दर्शकों की भावनाएं भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने संकेत दिया कि किसी फिल्म से लोगों का जुड़ाव भी उसकी कामयाबी का अहम हिस्सा है।
सलमान खान भी कर चुके हैं ट्रोलिंग पर बात
सूर्या का यह बयान ऐसे समय में आया है जब सलमान खान ने भी ‘बिग बॉस 20’ के दौरान सोशल मीडिया ट्रोलिंग का मुद्दा उठाया था। वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान ने अपने लुक, शरीर और उम्र को लेकर सोशल मीडिया पर होने वाली टिप्पणियों का जिक्र किया था।
सलमान ने अपनी उम्र का जिक्र करते हुए कहा था कि वह 60 साल के हैं। उन्होंने ट्रोल करने वालों को जवाब देते हुए यह भी कहा कि उम्र बढ़ना एक सामान्य प्रक्रिया है। शो के दौरान कैटरीना कैफ को लेकर सोशल मीडिया पर हुई टिप्पणियों का मुद्दा भी सामने आया था।
25 साल से ज्यादा लंबा है सूर्या का फिल्मी सफर
सूर्या दो दशक से ज्यादा समय से मनोरंजन जगत में सक्रिय हैं। अब उनकी आने वाली फिल्मों को लेकर भी फैंस के बीच उत्सुकता है। वह ‘द सीन’, ‘सूर्या 48’ और ‘रॉलेक्स’ जैसे प्रोजेक्ट्स में नजर आने वाले हैं।
‘द सीन’ के जरिए निर्देशक जीतू जोसेफ तमिल सिनेमा में बतौर निर्देशक अपनी शुरुआत करेंगे। फिल्म में सूर्या के साथ नसलेन, नाजरिया नाजिम, जॉन विजय और आनंदराज जैसे कलाकार भी दिखाई देंगे। वहीं ‘सूर्या 48’ में वह ‘जय भीम’ के निर्देशक टीजे ज्ञानवेल के साथ काम कर रहे हैं।


