चिल्लूपार क्षेत्र की विभिन्न विधाओं में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महान विभूतियों की स्मृति को संजोने और उनके कार्यों से नई पीढ़ी को प्रेरित करने के उद्देश्य से इस वर्ष सरयू महोत्सव में 15 लोगों को ‘सरयू रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। शुक्रवार को चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी ने अपने आवास पर आयोजित एक पत्रकार वार्ता में इस आशय की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह सम्मान समारोह आगामी 11 से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘पितृ तृप्ति रुद्र महायज्ञ’ के दौरान आयोजित किया जाएगा। घोषित सूची के अनुसार, अध्यात्म के क्षेत्र में डॉ. रामानंद दास जी महाराज, शिक्षा में केसी भारती, साहित्य में फूलचंद तिवारी, पत्रकारिता में अखिलेश गुप्ता, चिकित्सा में डॉ. बीके राय, क्रीड़ा में श्याम दुलारे यादव, समाजसेवा में राजू चंद तथा वीरता में आईपीएस जितेन्द्र मणि त्रिपाठी को यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया जाएगा। इसी क्रम में उद्यम में सत्यप्रकाश तिवारी, पर्यावरण में महीप श्रीवास्तव, लोक कला एवं संस्कृति में प्रियव्रत मिश्र, कृषि में कर्मजीत सिंह सैंथवार, श्रम में आजम मिस्त्री और विज्ञान के क्षेत्र में अनुराग शुक्ल को सरयू रत्न से नवाजा जाएगा। वहीं, प्रधान संगीता गुप्ता को ‘अपराजिता सरयू रत्न सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। विधायक ने कहा कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मान देने के साथ-साथ महान विभूतियों की प्रेरणादायी विरासत को समाज में जीवित रखना है।

