पानीपत के समालखा के गांव डिकाडला में घर की अलमारी से नकदी चोरी करने के मामले में थाना समालखा पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान डिकाडला निवासी लकवीर रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान आरोपी से पूछताछ की गई, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए 1.50 लाख रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, गांव डिकाडला निवासी गीता शिकायत देकर बताया था कि उसके पति की करीब आठ से दस साल पहले मौत हो चुकी है। उसके दो बच्चे हैं। महिला ने बताया कि उसके देवर अजीत ने उसे जमीन के चार लाख रुपये दिए थे। उसने करीब 20 से 25 दिन पहले यह रकम अपने घर की अलमारी में रख दी थी। सुबह अलमारी खुली मिली, रुपये चेक किए तो गायब थे गीता ने शिकायत में बताया कि 20 अक्तूबर सुबह करीब छह बजे उसने अलमारी देखी तो वह खुली पड़ी थी। जब उसने अलमारी में रखी नकदी चेक की तो चार लाख रुपये में से केवल 42 हजार रुपये ही मिले। बाकी 3 लाख 58 हजार रुपये गायब थे। महिला ने आशंका जताई कि अज्ञात उसके घर से नकदी चोरी करके ले गए हैं। उसने पुलिस से मामले में कार्रवाई करने की मांग की थी। जांच के दौरान सामने आया आरोपी का नाम शिकायत मिलने के बाद थाना समालखा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मामले की गहनता से जांच करते हुए गांव डिकाडला निवासी लकवीर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद आरोपी को मामले में गिरफ्तार किया गया और उसकी निशानदेही पर 1 लाख 50 हजार रुपये बरामद किए गए।

