भोपाल के पास समरधा जंगल में एक बाघ के शावक का शव मिलने का मामला सामने आया है। विभागीय सूत्र बताते हैं कि बाघ के शरीर पर चोंट के निशान पाए गए हैं। इससे आशंका है कि किसी बड़े टाइगर ने हमला किया होगा। हालांकि, वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस पूरे मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। रायसेन रोड स्थित हरिपुरा गांव की फॉरेस्ट चौक के पास जंगल में शव मिलने की बात कही जा रही है। शावक की उम्र करीब एक साल बताई जा रही है। गर्दन पर चोंट के निशान हैं। ऐसे में आपसी संघर्ष की आशंका है। अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन बात नहीं कर रहे सूत्रों के मुताबिक, टाइगर की मौत को लेकर जिम्मेदार अधिकारी बचते नजर आ रहे हैं। डीएफओ लोकप्रिय भारती से संपर्क करना चाहा, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। वहीं, एसडीओ मनमोहन जाटव ने मौत को लेकर कोई खबर नहीं होने की बात कहीं। इस वजह से स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि टाइगर की मौत आपसी संघर्ष से हुई या शिकार की वजह से? यदि संघर्ष तो बड़ा मामला बाघ एक्सपर्ट राशिद नूर ने बताया कि टाइगर की मौत की जानकारी सामने आई है। यदि यह बाघों के आपसी संघर्ष है तो फिर बड़ा मामला है। अभी तक भोपाल में टाइगर के आपसी संघर्ष के मामले नहीं आए हैं।

