Ravichandran Ashwin, Sarfaraz Khan, Indian cricket team: भारत और श्रीलंका के बीच खेली जाने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से खेला जाएगा। गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच से पहले पूर्व भारतीय दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने युवा बल्लेबाज सरफराज खान को लेकर एक बड़ा बयान दिया है।
लंबे समय के बाद सरफराज की वापसी
ऑस्ट्रेलिया में भारत के 2024-25 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी दौरे के बाद टेस्ट टीम से अचानक हटाए जाने के बाद सरफराज श्रीलंका में होने वाली दो मैचों की सीरीज के माध्यम से टीम इंडिया में वापसी कर रहे हैं। उन्हें चोटिल साई सुदर्शन के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया गया है।
मुंबई के इस बल्लेबाज के पास अब शनिवार को गाले में होने वाले पहले टेस्ट में प्लेइंग-11 में सीधे जगह बनाने का मौका है। ध्रुव जुरेल या सरफराज में से किसी एक को ही मौका मिलने की संभावना है। हालांकि सरफराज की स्पिन खेलने की काबिलियत को देखते हुए उन्हें ही मौका मिलना चाहिए।
इस मैच से एक दिन पहले अश्विन ने जोर देकर कहा कि टीम मैनेजमेंट को सरफराज के साथ टीम में उनके भविष्य के बारे में बात करनी चाहिए, खासकर अगर उन्हें लगता है कि कुछ खास परिस्थितियों में यह बल्लेबाज उनकी योजनाओं का हिस्सा नहीं है।
टेस्ट टीम से बाहर रहने के दौरान सरफराज पिछले साल भारत के इंग्लैंड दौरे और वेस्टइंडीज व दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो घरेलू सीरीज में नहीं खेल पाए। वह जून में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में भी टीम का हिस्सा नहीं थे। स्पिन के खिलाफ एक दमदार बल्लेबाज माने जाने वाले सरफराज के तेज गेंदबाजी के खिलाफ खेल पर सवाल उठाए गए हैं।
अश्विन की टीम मैनेजमेट को नसीहत
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “हां, सरफराज खान की वापसी हुई है, लेकिन वह चोटिल साई सुदर्शन की जगह टीम में आए हैं। सरफराज के लिए सही जानकारी मिलना जरूरी है। अगर आपको लगता है कि कुछ हालात में वह कमजोर पड़ सकते हैं, तो आपको उन्हें यह साफ तौर पर बताना होगा कि उपमहाद्वीप की परिस्थितियों में भारत के लिए खेलने का उनके पास मौका है।”
भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले अश्विन का मानना है कि भारत अन्य टेस्ट खेलने वाले देशों से सीखकर सरफराज को उनकी काबिलियत के हिसाब से एक खास भूमिका दे सकता है। अश्विन ने आगे कहा, “तब वह अपना समय बर्बाद नहीं करेंगे और अच्छी स्पिन खेलने और अपना करियर बनाने पर ध्यान दे पाएंगे। उन्हें यह बात बतानी चाहिए। न्यूजीलैंड को देखिए, एजाज पटेल उपमहाद्वीप की परिस्थितियों में खेलते हैं। यह बात साफ है। दक्षिण अफ्रीका के लिए साइमन हार्मर भी ऐसा ही करते हैं। ऐसे कई उदाहरण हैं।”
सरफराज का दमदार रिकॉर्ड
28 साल के इस खिलाड़ी ने अपने डेब्यू के बाद से छह टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 37.10 की औसत से 371 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में उन्होंने 150 रनों की शानदार पारी खेली थी। हालांकि इसके बाद वह पूरी सीरीज में फ्लॉप रहे और भारत यह सीरीज हार गया था।
सरफराज खान भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे का हिस्सा थे, जहां बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में टीम को 1-4 से हार का सामना करना पड़ा। लेकिन उन्हें वहां एक भी मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिला। इसके बाद उन्हें दक्षिण अफ्रीका सीरीज के लिए भी नजरअंदाज कर दिया गया।



