सपा नेता बोले-सुल्तानपुर में मछली मंडी नहीं दे पाए मंत्री:कहा- जब मंडी ही नहीं दे पाए तो किस बात के मछली मंत्री

सपा नेता बोले-सुल्तानपुर में मछली मंडी नहीं दे पाए मंत्री:कहा- जब मंडी ही नहीं दे पाए तो किस बात के मछली मंत्री

सुल्तानपुर में मंगलवार को समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप पार्टी कार्यालय पहुंचे। दोपहर 12 बजे उन्होंने मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने योगी सरकार के मंत्री संजय निषाद का नाम लिए बगैर तंज कसा। कश्यप ने कहा कि सुल्तानपुर में एक मछली मंडी तक नहीं दे पाए। ऐसे में वे किस बात के मछली मंत्री हैं, जब मंडी ही नहीं दे पाए। कश्यप ने बीजेपी पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोग कहते थे कि 56 एसडीएम यादव हो गए, लेकिन आज तक इसकी सूची नहीं दे पाए। उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव ने बीजेपी की नीतियों का पूरा ऑडिट किया है, जिसका जवाब बीजेपी नहीं दे पाई है। कश्यप के मुताबिक, बीजेपी ने आरक्षण में घोटाला किया है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में 20 से ज्यादा परीक्षाएं लीक हुईं। 22 परीक्षाओं में 11 हजार 514 वैकेंसी में आरक्षण घोटाला किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश यादव ने यह भी बताया है कि कितनी अंबेडकर की मूर्तियां तोड़ी गई हैं। उन्होंने बीजेपी पर जातीय जनगणना न कराने का आरोप भी लगाया। कश्यप ने कहा कि बीजेपी ने कश्यप, निषाद समाज का आरक्षण छीना है। इस बार कश्यप, निषाद और मल्लाह समाज बीजेपी की जमानत जब्त कराएगा। उन्होंने दावा किया कि अब इसमें किसी का कोई तिकड़म नहीं चलेगा। उन्होंने रोजगार के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। कश्यप ने सवाल उठाया कि केंद्र में 13 साल और उत्तर प्रदेश में 10 साल की डबल इंजन सरकार ने क्या किया है। उन्होंने कहा कि सरकार सड़कें तक नहीं बना पाई। अखिलेश सरकार ने जो बांधमंडी दी थी, उसे भी बीजेपी वालों ने कब्जा कर लिया है। कश्यप ने आरोप लगाया कि चीनी मिलें बंद कर दी गई हैं, सड़कों की हालत खराब है, स्कूलों की हालत ठीक नहीं है, अध्यापक नहीं हैं और स्कूल बंद किए जा रहे हैं। रेलवे स्टेशनों की हालत खराब है और सरकारी नलकूप भी खराब पड़े हैं। उन्होंने कहा कि जो पानी की टंकियां बनी थीं, वे भी गिर रही हैं, जो भ्रष्टाचार को दिखाता है। डॉ. राजपाल कश्यप ने बताया कि समाजवादी पार्टी 75 जिलों का घोषणा पत्र तैयार कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सुझाव देने को कहा, ताकि सरकार बनने पर उन्हें पूरा किया जा सके। यहां पर इसौली विधायक ताहिर खान, जिलाध्यक्ष रघुवीर यादव, महासचिव सलाउद्दीन आदि मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *