Sourav Joshi boating video: फेमस यूट्यूबर सौरव जोशी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। वायरल क्लिप में सौरव जोशी अपनी पत्नी अवंतिका के साथ फैमिली बोटिंग आउटिंग पर नजर आ रहे हैं। इसी दौरान लड़कों का एक ग्रुप उनकी नाव के पास पहुंचता है और उनसे बातचीत करने की कोशिश करता है। इस मुलाकात के दौरान अवंतिका का रिएक्शन सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींच रहा है
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है कि क्या ग्रुप का सौरव और उनके परिवार से बात करने का तरीका सामान्य था और उनकी निजी आउटिंग में इस तरह पहुंचना असहज करने वाला था। हालांकि, वीडियो के आधार पर ये तय करना मुश्किल है कि इस मुलाकात को हैरेसमेंट कहा जाए या नहीं।
सौरव जोशी और अवंतिका आए वीडियो में नजर
वायरल वीडियो में सौरव जोशी और अवंतिका बोटिंग करते नजर आ रहे हैं। दोनों अपनी आउटिंग को रिकॉर्ड भी कर रहे हैं। इसी दौरान कुछ लड़के उनके पास पहुंचते हैं और बातचीत शुरू करने की कोशिश करते हैं।
ग्रुप का एक सदस्य सौरव के छोटे भाई कुणाल को देखकर पूछता है, ‘और कुणाल भाई कैसे हो?’ इसके बाद दूसरा शख्स भी कुणाल का हालचाल पूछता है। जब कुणाल की तरफ से कोई जवाब नहीं मिलता तो ग्रुप का ध्यान अवंतिका की ओर जाता है। एक लड़का उन्हें संबोधित करते हुए कहता है, ‘और भाभी, सत श्री अकाल!’ वहीं दूसरा भी ‘सत श्री अकाल जी’ कहता सुनाई देता है। इसके बाद लड़के सौरव से बात करते हैं और उनका हालचाल पूछते हैं। सौरव भी सहज अंदाज में जवाब देते हुए कहते हैं, ‘बढ़िया, बढ़िया, बढ़िया।’
अवंतिका के रिएक्शन पर क्यों हुई बहस?
वीडियो में बातचीत के दौरान अवंतिका ग्रुप से थोड़ा दूर जाती हुई दिखाई देती हैं और बातचीत का हिस्सा नहीं बनतीं। इसी हिस्से को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि अवंतिका इस दौरान असहज नजर आ रही थीं और उनका दूर जाना इस बात का संकेत हो सकता है कि वो बातचीत में शामिल नहीं होना चाहती थीं। एक यूजर ने दावा किया कि महिला और बच्चा साफ तौर पर डरे हुए लग रहे थे।
वहीं दूसरी तरफ कई यूजर्स ने इस दावे पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि वीडियो में ग्रुप सौरव और उनके परिवार को अभिवादन करते और हालचाल पूछते ही नजर आ रहा है। एक यूजर ने सवाल किया कि किसी को नमस्ते करना या उसका हाल पूछना आखिर कब से हैरेसमेंट माना जाने लगा। दूसर यूजर ने बिना सबूत गंभीर आरोप लगाने से बचने की बात कही। तो वहीं एक अन्य कमेंट में कहा गया कि सौरव एक पब्लिक फिगर हैं और सोशल मीडिया पर अपनी निजी जिंदगी के वीडियो शेयर करते हैं, इसलिए इस मुलाकात को लेकर सवाल उठाना चाहिए।
‘उन्हें सिख लड़के क्यों कह रहे हैं?’
इस पूरे विवाद में कुछ यूजर्स ने वीडियो के साथ ग्रुप को ‘सिख लड़कों’ के तौर पर संबोधित किए जाने पर भी आपत्ति जताई। एक यूजर ने सवाल किया कि किसी व्यक्ति की कथित गलती को उसके धर्म से क्यों जोड़ा जा रहा है। उसने कहा कि ग्रुप को सिर्फ ‘लड़कों का ग्रुप’ कहा जा सकता था।
इस तरह वायरल वीडियो पर बहस सिर्फ सौरव-अवंतिका के रिएक्शन तक सीमित नहीं रही, बल्कि सोशल मीडिया पर पब्लिक फिगर की प्राइवेसी, फैंस के व्यवहार और किसी घटना को ‘हैरेसमेंट’ कहने की सीमा को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
सौरव जोशी अपने व्लॉग्स के लिए हैं फेमस
उत्तराखंड से ताल्लुक रखने वाले सौरव जोशी अपने डेली व्लॉग्स के जरिए अपनी जिंदगी और परिवार से जुड़े पल शेयर करते हैं। उनके वीडियो में अक्सर परिवार के साथ बिताया समय, घूमने-फिरने और आसपास की जगहों की झलक देखने को मिलती है।
वायरल क्लिप को लेकर सामने आ रहे दावे और प्रतिक्रियाएं फिलहाल सोशल मीडिया यूजर्स की राय पर आधारित हैं। वीडियो में दिखाई देने वाली बातचीत के आधार पर यह स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता कि ग्रुप की मंशा क्या थी या अवंतिका वास्तव में किस वजह से वहां से दूर हुईं।

