पिछले कुछ महीनों में जहाजों पर हमलों के मामलों में तेज़ी से इजाफा हुआ है। आए दिन ही इस तरह के मामले देखने को मिलते हैं और अब ऐसा ही एक और मामला सऊदी अरब (Saudi Arabia) के तट पर देखने को मिला, जब एक जहाज पर हमला हुआ। यह हमला सऊदी अरब के जुबैल से 78 नॉटिकल मील (145 किलोमीटर) उत्तर-पूर्व में शुक्रवार को एक छोटी नाव से किया गया, जिसकी जानकारी यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स (UKMTO) ने दी।
RPG से किया गया हमला
यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स के अनुसार हमले के लिए रॉकेट-प्रोपेल्ड ग्रेनेड (RPG) का इस्तेमाल किया गया। इससे जहाज पर निशाना साधते हुए हमला किया गया, जिससे जहाज को भी नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार इस हमले में जहाज का पिछला बायां हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
सभी नाविकों की बचाई गई जान
जहाज पर सवार सभी नाविकों की जान बचा ली गई है। कुछ नाविकों को मामूली चोट ज़रूर आई है, लेकिन सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
किसने किया हमला?
जहाज पर आरपीजी से किसने हमला किया, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि मामले की जांच शुरू कर दी गई है, जिससे जल्द से जल्द यह पता लगाया जा सके कि जहाज को किसने निशाना बनाया।
यह खबर अपडेट हो रही है…

