संभल में एक अधेड़ व्यक्ति का शव खेत में बनी झोपड़ी से संदिग्ध अवस्था में मिला है। पुलिस को इकलौते बेटे पर हत्या का शक है, जो घटना के बाद से फरार है। मृतक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं, और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। यह घटना शनिवार सुबह 6 बजे संभल जिले की चंदौसी तहसील के बहजोई थाना क्षेत्र के केसरपुर रसैटा गांव में हुई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय हरिश्चंद्र पुत्र होरीलाल के रूप में हुई है। पुलिस को सुबह 7:30 बजे घटना की सूचना मिली, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही हरिश्चंद्र का 18 वर्षीय बेटा मनवीर फरार हो गया। मृतक की ताई ने पुलिस को बताया कि मनवीर अपने माता-पिता, हरिश्चंद्र और माया देवी, के साथ अक्सर मारपीट करता था। हरिश्चंद्र के पास हाईवे किनारे आठ बीघा कृषि भूमि भी थी। पुलिस कर रही मामले की जांच हरिश्चंद्र के कुल छह बच्चे हैं, जिनमें मनवीर इकलौता बेटा है। उनकी तीन बेटियां, 25 वर्षीय राजबाला, 19 वर्षीय सुमना और 18 वर्षीय बबीता, विवाहित हैं। दो छोटी बेटियां, 13 वर्षीय कुसुंबाती और 12 वर्षीय सोमवती, अभी अविवाहित हैं। हरिश्चंद्र खेती-बाड़ी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे, जबकि मनवीर शराब के नशे में रहता था। ताई प्रेमवती ने बताया कि मनवीर आदतन अपने माता-पिता के साथ मारपीट करता था। उन्होंने बताया कि पिछली रात मनवीर शराब के नशे में था और उसे एक भट्ठे से घर लाया गया था। रात में मारपीट से बचने के लिए हरिश्चंद्र दूर जाकर सो गए थे। ताई ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि रात में क्या हुआ। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए हैं। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की जांच जारी है। थाना प्रभारी राजीव मलिक ने बताया कि ग्रामीण की मौत की सूचना सुबह मिली थी। परिवार के लोगों के द्वारा मौत होने का स्पष्ट कारण नहीं बताया है, गांव के कुछ लोग बेटे के द्वारा पिता की हत्या करने का जिक्र कर रहे हैं। मौत कैसे हुई इसकी स्पष्ट जानकारी के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।


