संभल में बहजोई थाना क्षेत्र के मनौना गांव में ग्रामीणों ने बाइक सवार तीन संदिग्ध चोरों में से एक को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने कई घंटे पूछताछ के बाद उसे डायल 112 पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने आरोपी को थाना पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने पकड़े गए युवक के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है, जबकि उसके दो फरार साथियों की तलाश की जा रही है। गांव निवासी अनेक सिंह पुत्र रनवीर सिंह ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि 20 अगस्त की रात करीब 10 बजे उनकी पत्नी और अन्य महिलाएं घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान मछखेड़ा गांव की ओर से बाइक सवार तीन लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि उनके पास अवैध हथियार थे। महिलाओं को देखकर उन्होंने बाइक रोक दी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगे। महिलाओं के शोर मचाने पर अनेक सिंह घर से बाहर आए और विरोध किया। आरोप है कि तीनों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने कुल्हाड़ी से अनेक सिंह के पैर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद तीनों जान से मारने की धमकी देते हुए बाइक से भागने लगे।
शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों का पीछा किया। ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया और उसे गांव ले आए। पूछताछ के दौरान युवक ने कथित तौर पर बताया कि वह अपने साथियों के साथ मछखेड़ा गांव से चोरी करके आ रहा था। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और पकड़े गए युवक से पूछताछ के बाद थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि नरेंद्र पुत्र रामावतार निवासी रामगढ़, थाना बहजोई को हिरासत में लिया गया है। उसके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस के पहुंचने पर नरेंद्र और अनेक सिंह के बीच विवाद हो रहा था। मामले की जांच की जा रही है और नरेंद्र के दो अन्य साथियों की तलाश जारी है।

