श्रीगंगानगर जिले के चूनावढ़ में एक वेयरहाउस से सरसों की करीब 70 बोरियां चोरी होने का मामला सामने आया है। चोर रात को वेयरहाउस का ताला तोड़कर सरसों चोरी कर ले गए। मामला चूनावढ़ थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार महेन्द्रपाल वर्मा पुत्र भागीरथ वर्मा, निवासी साधुवाली, हाल वेयरहाउस मैनेजर स्टार एग्री (श्रीगंगानगर) ने पुलिस को दो रिपोर्ट में बताया कि उनकी कंपनी का काम वेयरहाउस में फसलों का स्टॉक करने का है। जब उनके सुपरवाइजर ने चक 13 एलएनपी सेकंड, RIICO इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पारस वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के वेयरहाउस का निरीक्षण किया तो वेयरहाउस में चोरी हो चुकी थी। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस के शटर का ताला टूटा हुआ मिला। आसपास कृषि जिन्स बिखरी हुई थी। इसके बाद स्टॉक की जांच की गई तो सरसों की करीब 70 बोरियां कम मिलीं। फिलहाल एएसआई धर्मवीर सिंह ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी खंगाल कर जांच शुरू कर दी है।

