श्रावस्ती के कई गांव में 15 दिन से अंधेरा:ग्रामीण परेशान, बिजली विभाग का 2 दिन में सप्लाई बहाल करने का दावा

श्रावस्ती के कई गांव में 15 दिन से अंधेरा:ग्रामीण परेशान, बिजली विभाग का 2 दिन में सप्लाई बहाल करने का दावा

श्रावस्ती जिले में बिजली संकट से ग्रामीणों को राहत नहीं मिल रही है। इकौना, भिनगा और जमुनहा तहसील के कई गांवों में करीब 15 दिन बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। वहीं, हालिया बारिश और तेज हवाओं से कई क्षेत्रों में फिर बिजली संकट खड़ा हो गया है। शुक्रवार दोपहर 12:00 लोगों ने बताया कि बिजली के अभाव में लोगों के घरेलू कामकाज, बच्चों की पढ़ाई और मोबाइल नेटवर्क पर असर पड़ रहा है। उधर, बिजली विभाग ने अगले दो दिनों में सभी ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल करने का दावा किया है। बीते 24 और 25 सितंबर को तेज बारिश और तूफान से जिलेभर में हजारों बिजली के पोल टूट गए थे। करीब तीन दर्जन ट्रांसफार्मर खराब हुए थे और बिजली की लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गई थीं। इसके बाद से विभागीय कर्मचारी दिन-रात मरम्मत में जुटे हैं। शहरी क्षेत्रों और अधिकांश ग्रामीण इलाकों में आपूर्ति बहाल हो चुकी है, लेकिन कई गांव अब भी अंधेरे में हैं। बिजली न आने से नाराज ग्रामीणों ने बीते बृहस्पतिवार को इकौना क्षेत्र के सीताद्वार पावर हाउस पर प्रदर्शन कर जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की थी। महादेव जगदीश, जानकीनगर खुर्द और परसौरा समेत कई गांव प्रभावित हैं। गिलौला क्षेत्र के मनकौरा, रामपुर और हरबंशपुर तथा जमुनहा क्षेत्र के चंदनकोटिया, इटहिया और खजूरी समेत कई गांवों में भी बिजली संकट बना हुआ है। गिलौला क्षेत्र के मोहम्मदापुर गांव में बीते मंगलवार को बिजली आपूर्ति बहाल करने के दौरान दर्दनाक हादसा हुआ था। पोल लगाने में सहयोग कर रहे दो ग्रामीणों की 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। मामले में लापरवाही के आरोप में चार बिजलीकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बिजली विभाग के अनुसार, प्रभावित गांवों में आपूर्ति बहाल करने के लिए अतिरिक्त संसाधन और कर्मचारी लगाए गए हैं। मरम्मत कार्य तेजी से कराया जा रहा है। विभाग ने अगले दो दिनों में सभी ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल करने का लक्ष्य रखा है। अब ग्रामीणों को इंतजार है कि उन्हें इस लंबे बिजली संकट से कब तक राहत मिलती है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *