रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में 12 पैसे टूटकर 94.50 प्रति डॉलर पर आ गया। घरेलू शेयर बाजारों में कमजोरी और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से घरेलू मुद्रा पर दबाव है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.47 प्रति डॉलर पर खुला।
इसके बाद यह और कमजोर होकर 94.50 प्रति डॉलर पर आ गया, जो पिछले बंद भाव से 12 पैसे कम है। रुपया बुधवार को 53 पैसे मजबूत होकर 94.38 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101.56 पर आ गया।
घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 642.51 अंक फिसलकर 73,067.18 अंक पर और निफ्टी 241.35 अंक टूटकर 22,570.90 अंक पर आ गया। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 1.58 प्रतिशत बढ़कर 110.54 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 1,022.32 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

