शुरुआती गिरावट के बाद संभले Sensex और Nifty, आईटी शेयरों में खरीदारी से बाजार को सहारा

शुरुआती गिरावट के बाद संभले Sensex और Nifty, आईटी शेयरों में खरीदारी से बाजार को सहारा

सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों और एचडीएफसी बैंक के शेयर की बिकवाली से सेंसेक्स और निफ्टी बुधवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट के बाद संभल गए। बीएसई का 30 शेयर वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 32.96 अंक की गिरावट के साथ 73,000.82 अंक पर जबकि एनएसई का 50 शेयर वाला निफ्टी 32.65 अंक टूटकर 22,688.75 अंक पर रहा। हालांकि, बाद में दोनों प्रमुख सूचकांकों ने शुरुआती गिरावट की भरपाई कर ली।

बीएसई का सेंसेक्स 161.48 अंक चढ़कर 73,195.26 अंक पर और निफ्टी 36 अंक की बढ़त के साथ 22,757.95 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक, इन्फोसिस, कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, टेक महिंद्रा, मारुति और एचडीएफसी बैंक के शेयर सबसे अधिक चढ़े। वहीं, सन फार्मा, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, लार्सन एंड टुब्रो, पावर ग्रिड और इटर्नल के शेयर में गिरावट रही।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.62 प्रतिशत चढ़कर 106.4 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 1,305.13 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। सेंसेक्स मंगलवार को 1,109.10 अंक यानी 1.54 प्रतिशत उछलकर और निफ्टी 358.60 अंक यानी 1.60 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *