शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे में सोमवार शाम एक नाले में नवजात का शव मिला। यह शव राई रोड स्थित प्याज गोदाम के पास मिला था। राहगीरों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर कोलारस पुलिस मौके पर पहुंची और रात करीब 8 बजे शव को नाले से बाहर निकलवाकर स्वास्थ्य केंद्र भेजा। नवजात की नाभि पर डिलीवरी के दौरान लगाई जाने वाली स्ट्रिप मिली है। डॉक्टर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि बच्चे का जन्म अस्पताल में हुआ था या घर पर। पुलिस नवजात की पहचान और उसके जन्म से जुड़ी जानकारी भी इकट्ठा कर रही है। नवजात होने और नाभि पर डिलीवरी स्ट्रिप मिलने के कारण यह आशंका है कि किसी अविवाहित महिला ने लोक-लाज के डर से बच्चे को जन्म देने के बाद उसे नाले में फेंक दिया हो। हालांकि, यह सिर्फ एक संभावना है और इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी। आज होगा शव का पीएम
कोलारस पुलिस मंगलवार को नवजात के शव का पोस्टमार्टम कराएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बच्चे की मौत के कारण और उससे जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस यह भी पता लगाने में लगी है कि नवजात को नाले में कब और किसने फेंका। फिलहाल, पुलिस नवजात की पहचान कराने की कोशिश कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और जन्म व डिलीवरी से संबंधित जानकारी इकट्ठा की जा रही है। जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि नवजात का जन्म कहां हुआ और उसे नाले में किस परिस्थिति में छोड़ा गया।

