शाहजहांपुर में प्लाईवुड फैक्टरी पर SIB का छापा:70 करोड़ की बिक्री पर सिर्फ 34 लाख टैक्स दिया, अकाउंट-बिल बुक समेत रिकॉर्ड जब्त

शाहजहांपुर में प्लाईवुड फैक्टरी पर SIB का छापा:70 करोड़ की बिक्री पर सिर्फ 34 लाख टैक्स दिया, अकाउंट-बिल बुक समेत रिकॉर्ड जब्त

शाहजहांपुर में राज्य कर विभाग की विशेष जांच शाखा (SIB) बरेली की टीम ने सोमवार दोपहर करीब 2 बजे जमौर क्षेत्र स्थित सर्वश्री प्लाई वेड प्रोडक्ट्स की प्लाईवुड फैक्टरी पर छापा मारा। फर्म पर बिना बिल और कच्चे बिल के जरिए माल बेचकर टैक्स चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। करीब 20 सदस्यीय टीम ने पुलिस की मदद से फैक्टरी और व्यापार स्थल पर एक साथ तलाशी ली। कार्रवाई कई घंटे तक चली। घोषित कारोबार और टैक्स भुगतान में अंतर SIB अधिकारियों के मुताबिक, फर्म की गोपनीय रेकी और शुरुआती जांच में घोषित कारोबार, वास्तविक व्यापारिक गतिविधियों और टैक्स भुगतान में अंतर सामने आया था। इसके बाद अधिकारियों से सर्च वारंट लेकर कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान फैक्टरी में 100 से अधिक कर्मचारी काम करते मिले। शुरुआती रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि फर्म ने पिछले साल 70 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री दिखाई थी। इसके मुकाबले करीब 34 लाख रुपये का टैक्स जमा किया गया। 55 करोड़ की सब्जी-दाल की बिक्री पर सवाल जांच में अधिकारियों को रिकॉर्ड में करीब 55 करोड़ रुपये की सब्जी, दाल और अन्य टैक्स-फ्री या कम टैक्स वाली वस्तुओं की बिक्री भी दर्ज मिली। इन वस्तुओं पर टैक्स देनदारी नहीं बनी थी। अधिकारियों के मुताबिक, फर्म का मुख्य कारोबार प्लाईवुड और उससे जुड़े उत्पादों का निर्माण व बिक्री है। तलाशी के दौरान फैक्टरी और व्यापार स्थल पर सब्जी, दाल या ऐसी अन्य वस्तुओं के कारोबार से जुड़ी गतिविधियां नहीं मिलीं। असली कारोबार छिपाने की आशंका SIB अधिकारियों को शुरुआती जांच में आशंका है कि टैक्स योग्य प्लाईवुड कारोबार को टैक्स-फ्री या कम टैक्स देनदारी वाली वस्तुओं की बिक्री के रूप में दिखाकर टैक्स देनदारी कम करने की कोशिश की गई हो सकती है। हालांकि, अधिकारियों ने इसे अभी प्रारंभिक जांच का मामला बताया है। वास्तविक कारोबार और रिकॉर्ड में दर्ज बिक्री के बीच अंतर की विस्तृत जांच की जा रही है। अकाउंट और बिल बुक समेत रिकॉर्ड जब्त तलाशी के दौरान टीम ने फैक्टरी और व्यापार स्थल से अकाउंट बुक, बिल बुक, खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज और अन्य जरूरी रिकॉर्ड जब्त किए हैं। परिसर में मौजूद माल के स्टॉक का भी मिलान किया जा रहा है। SIB अधिकारियों ने बताया कि जांच अभी जारी है। अभिलेखों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण करने के बाद वास्तविक कर अपवंचन की राशि निर्धारित की जाएगी। इसके आधार पर नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *