शाहजहांपुर के तिलहर थाना क्षेत्र के भेदपुर गांव के पास शनिवार सुबह करीब 6 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुत्ते से टकराने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। बाइक सवार दो युवक सड़क पर गिर गए, तभी पीछे से आ रही डबल डेकर बस ने दोनों को कुचल दिया। हादसे में चचेरे मामा-भांजे की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों कैंचीधाम दर्शन के लिए जा रहे थे। मृतकों की पहचान हरदोई निवासी 23 वर्षीय मोहित अवस्थी और शाहजहांपुर के सोमेश शुक्ला के रूप में हुई है। मोहित प्राइवेट नौकरी करते थे। शनिवार सुबह करीब 5 बजे मोहित अपने चचेरे भांजे सोमेश के आरसी मिशन क्षेत्र के कनेंग गांव स्थित घर पहुंचे थे। उनके साथ दो दोस्त भी थे। चारों दो बाइकों से कैंचीधाम के लिए निकले थे। एक बाइक पर मोहित और सोमेश, जबकि दूसरी बाइक पर उनके दोस्त सवार थे। सुबह करीब 6 बजे वे तिलहर क्षेत्र के भेदपुर गांव के पास पहुंचे। इसी दौरान अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया। मोहित की बाइक कुत्ते से टकराकर अनियंत्रित हो गई और सड़क पर फिसल गई। दोनों बाइक से गिरकर सड़क पर आ गए। पीछे से आई डबल डेकर बस ने कुचला बाइक के पीछे चल रहे दोस्तों ने देखा कि इसी दौरान पीछे से आ रही डबल डेकर बस दोनों युवकों को कुचलते हुए निकल गई। हादसे में मोहित और सोमेश की मौके पर ही मौत हो गई। साथ चल रहे दोस्तों ने तत्काल परिवार के लोगों को हादसे की सूचना दी। जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तिलहर थाना प्रभारी ने बताया कि बस की टक्कर से दो लोगों की मौत हुई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

