शामली में नर्सिंग होम में फायरिंग का आरोपी गिरफ्तार:कहासुनी के बाद पिस्टल से चलाई थीं गोलियां, फॉर्च्यूनर और पिस्टल बरामद

शामली में नर्सिंग होम में फायरिंग का आरोपी गिरफ्तार:कहासुनी के बाद पिस्टल से चलाई थीं गोलियां, फॉर्च्यूनर और पिस्टल बरामद

शामली के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र स्थित एक नर्सिंग होम में कहासुनी के बाद फायरिंग करने के आरोपी आर्यन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, 6 अक्टूबर की रात हुई फायरिंग में सुहैब बाल-बाल बच गया, जबकि कुछ गोलियां नर्सिंग होम के शीशे में लगीं। वारदात के बाद आरोपी फॉर्च्यूनर से फरार हो गया था। पुलिस ने उसके कब्जे से .32 बोर की पिस्टल, जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर बरामद की है। भाभी को देखने पहुंचा था सुहैब पुलिस के अनुसार, सुहैब निवासी सुंटा रसूलपुर, थाना थानाभवन, 6 अक्टूबर की रात करीब 10:10 बजे अपनी भाभी मुस्कान को देखने आदर्श मंडी क्षेत्र स्थित नर्सिंग होम पहुंचा था। वह नर्सिंग होम के बाहर परिजनों के साथ बैठकर इंतजार कर रहा था। इसी दौरान नर्सिंग होम संचालक अर्जुन सिंह के बेटे आर्यन से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। पुलिस का कहना है कि आर्यन ने सुहैब और उसके परिजनों को वहां से जाने तथा भीड़ नहीं लगाने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। पिस्टल निकालकर फायरिंग का आरोप पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर आर्यन ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। अचानक गोलियां चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सुहैब गोली की चपेट में आने से बच गया, जबकि कुछ गोलियां नर्सिंग होम के शीशे में जा लगीं। फायरिंग के बाद आरोपी अपनी फॉर्च्यूनर से मौके से फरार हो गया। सूचना पर आदर्श मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। आरोपी की पहचान होने के बाद उसकी तलाश में पुलिस टीम लगाई गई। क्षेत्राधिकारी नगर जितेंद्र यादव के पर्यवेक्षण में आदर्श मंडी पुलिस ने आरोपी आर्यन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से .32 बोर की पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। घटना में इस्तेमाल सफेद रंग की फॉर्च्यूनर भी पुलिस ने कब्जे में ली है। आरोपी पर पहले से चार मुकदमे पुलिस के मुताबिक आर्यन पुत्र अर्जुन सिंह मूल रूप से भरेरा गांव, थाना कोतवाली नगर, बिजनौर का रहने वाला है और वर्तमान में एमएसके रोड, आदर्श मंडी क्षेत्र में रहता है। उसके खिलाफ शामली और बिजनौर में पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आदर्श मंडी थाने में 2026 में BNS और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामला तथा 2024 में हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा समेत अन्य धाराओं में मुकदमा शामिल है। बिजनौर में भी सड़क दुर्घटना समेत अन्य धाराओं में मामले दर्ज बताए गए हैं। पिस्टल कहां से मिली, जांच जारी एसपी एनपी सिंह के अनुसार आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस यह भी पता लगा रही है कि उसके पास पिस्टल कहां से आई और उसने इसे किससे हासिल किया था। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *