शापुर-लुशाला के बीच अब 110 किमी प्रति घंटा की सामान्य गति से दौड़ेंगी ट्रेनें

शापुर-लुशाला के बीच अब 110 किमी प्रति घंटा की सामान्य गति से दौड़ेंगी ट्रेनें

6 घंटे के ट्रैफिक ब्लॉक में रेलवे ट्रैक के घुमाव में सुधार कर गति प्रतिबंध हटाया

भावनगर. पश्चिम रेलवे के भावनगर मंडल द्वारा रेल संचालन को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं तेज बनाने की दिशा में बुधवार को राजकोट-सोमनाथ सेक्शन पर जूनागढ़ जिले में स्थित शापुर-लुशाला के बीच मौजूदा ट्रैक के लगभग 2 मीटर घुमाव में सुधार किया गया।यह कार्य 6 घंटे के ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान पूरा किया गया।
भावनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अतुल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इस कार्य के तहत 2.9 डिग्री के घुमाव को कम करके 2 डिग्री किया गया। इसके परिणामस्वरूप इस घुमाव पर लागू 100 किमी प्रति घंटा का गति प्रतिबंध हटाकर अब ट्रेनों को सामान्य अधिकतम 110 किमी प्रति घंटा की गति से संचालित किया जा सकेगा।
त्रिपाठी ने बताया कि इस कार्य से ट्रेनों की यात्रा अवधि में कमी आने, संचालन में अधिक सुगमता एवं समयपालन में सुधार होने की संभावना है। यात्रियों को गंतव्य तक अपेक्षाकृत तेज और सुगम रेल यात्रा का लाभ मिलेगा। साथ ही, घुमाव की ज्यामिति में सुधार से रेल संचालन को अधिक प्रभावी बनाने में भी मदद मिलेगी।
यह कार्य भावनगर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दिनेश वर्मा के मार्गदर्शन, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर डी.एस. यादव के निर्देशन में तथा मंडल इंजीनियर (पश्चिम) राजीव सिंह की देखरेख में जूनागढ़ के पुरेंद्र कुमार वर्मा की टीम एवं संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा पूरा किया गया।

राजकोट-लालकुआं साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़ाए

राजकोट. पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए राजकोट-लालकुआं (उत्तराखंड के नैनीताल जिले में िस्थत) के बीच विशेष किराए पर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के फेरे बढ़ाए गए हैं।
राजकोट मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुनील कुमार मीना के अनुसार राजकोट-लालकुआं साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन (नं. 05046) को 5 अक्टूबर से 30 नवंबर तक विस्तारित किया है।
मीना के अनुसार इसी तरह, लालकुआं-राजकोट साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन (नं. 05045) को 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक विस्तारित किया गया है। ट्रेन नं. 05046 के विस्तारित फेरों की बुकिंग 11 सितंबर से सभी पीआरएस काउंटरों और आइआरसीटीसी वेबसाइट पर शुरू होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *