जबलपुर-हिरन नदी मार्ग के वाहन चालकों को राहत मिली है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के निर्देश पर NHAI ने NH-45 स्थित शहपुरा टोल प्लाजा पर टोल वसूली 27 सितंबर 2026 दोपहर 12 बजे से कुछ समय के लिए रोक दी है। अब सभी गाड़ियां बिना टोल दिए निकल सकेंगी।
शहपुरा रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के पास एप्रोच रोड खराब होने और निर्माण काम के कारण टोल वसूली रोकी गई है। वैकल्पिक रास्तों पर ट्रैफिक मोड़ने से यात्रियों को हो रही परेशानी और आर्थिक बोझ कम करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (MPRDC) खराब एप्रोच रोड को ठीक कर रहा है। NHAI ने साफ किया है कि ओवरब्रिज का काम पूरा होने और रास्ता ठीक होने तक टोल नहीं लिया जाएगा, जिसके बाद ही टोल टैक्स फिर से शुरू करने पर फैसला होगा।
टोल वसूली बंद होने पर भी, NHAI टोल प्लाजा पर सभी जरूरी इंतजाम रखेगा। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सीसीटीवी कैमरे, ANPR और लाइटिंग की देखभाल जारी रहेगी। सुरक्षित ट्रैफिक के लिए कर्मचारी भी रहेंगे।

