John Abraham Robbie Role: करण जौहर और जॉन अब्राहम से जुड़ा एक पुराना इंटरव्यू इन दिनों सोशल मीडिया पर फिर वायरल हो रहा है। क्लिप में जॉन अब्राहम ने खुलासा किया था कि करण जौहर ने उन्हें फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ में करीना कपूर के बॉयफ्रेंड ‘रॉबी’ का किरदार ऑफर किया था। जॉन ने बताया था कि उन्होंने इस रोल को करने से इनकार कर दिया था। अब इसी पुराने इंटरव्यू को लेकर सोशल मीडिया पर करण जौहर के नेपोटिज्म को लेकर बहस छिड़ गई है।
‘रॉबी’ के रोल में था सिर्फ एक सीन
वायरल हो रही क्लिप में जॉन अब्राहम और करण जौहर इस किरदार को लेकर बातचीत करते नजर आते हैं। करण ने माना था कि ‘रॉबी’ के किरदार में सिर्फ एक सीन था और उसमें एक लाइन थी। जॉन ने भी बताया था कि आखिरकार उन्होंने इस भूमिका को एक्सेप्ट नहीं किया।
पुराना वीडियो दोबारा सामने आने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने सवाल उठाया कि क्या किसी बाहरी कलाकार को इस तरह सीमित रोल दिया जाता है, जबकि स्टार किड्स को इंडस्ट्री में ज्यादा मौके मिलते हैं।
करण जौहर पर फिर लगे नेपोटिज्म के आरोप
क्लिप वायरल होने के बाद कई यूजर्स ने करण जौहर पर स्टार किड्स को तरजीह देने का आरोप लगाया। कुछ लोगों का कहना है कि अगर यही रोल किसी बड़े बॉलीवुड परिवार से आने वाले कलाकार को ऑफर किया जाता, तो शायद स्थिति अलग होती।
एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि करण ने कई स्टार किड्स से दूसरी फिल्मों में बिना किसी लाइन के डांस नंबर भी करवाए हैं। तो वहीं, कुछ लोगों ने इस पुराने इंटरव्यू को दोबारा वायरल किए जाने पर ही सवाल खड़े किए। एक अन्य यूजर ने लिखा कि आखिर किसके पास पुरानी बातों को दोबारा सामने लाकर उन्हें वायरल करने और व्यूज, कमेंट्स और फॉलोअर्स जुटाने का समय है। यूजर ने मीडिया पेजों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि लोगों के पास इससे बेहतर काम हैं। कमेंट में अनन्या पांडे और जाह्नवी कपूर का भी जिक्र किया गया।
पुरानी क्लिप ने फिर छेड़ी नेपोटिज्म की बहस
बॉलीवुड में नेपोटिज्म को लेकर करण जौहर पहले भी सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करते रहे हैं। जॉन अब्राहम से जुड़े इस पुराने इंटरव्यू की क्लिप सामने आने के बाद एक बार फिर बाहरी कलाकारों और स्टार किड्स को मिलने वाले मौकों को लेकर बहस शुरू हो गई है।
हालांकि, वायरल हो रही क्लिप और सोशल मीडिया कमेंट्स में किए गए दावे पुराने इंटरव्यू और यूजर्स की राय पर आधारित हैं। इसे लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

