Duleep Trophy 2026 के फाइनल और भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज की तारीखों में टकराव के कारण वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन और तिलक वर्मा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। अब गौतम गंभीर को तय करना है कि ये खिलाड़ी दलीप ट्रॉफी का फाइनल खेलेंगे या सीधे टी20 सीरीज की तैयारी करेंगे।
Duleep Trophy Final 2026 Update: दलीप ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल में रिकॉर्ड अर्धशतकीय पारी खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी का खिताब जीतने का सपना टूट सकता है। ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन के साथ सूर्यवंशी फाइनल मुकाबले को छोड़ सकते हैं। दलीप ट्रॉफी 2026 का खिताबी मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में 6 सितंबर से शुरू होगा, जहां ईस्ट जोन का सामना 13 बार की चैंपियन साउथ जोन से होगा। इसके एक सप्ताह बाद भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज की शुरुआत होगी, जिसका पहला मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाएगा। दलीप ट्रॉफी का खिताबी मुकाबला 10 सितंबर तक खेला जाएगा।
तिलक वर्मा भी छोड़ सकते हैं फाइनल
ऐसे में वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन और साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा खिताबी मुकाबले को छोड़ सकते हैं। हालांकि ये फैसला गौतम गंभीर को लेना है कि वह इन तीनों खिलाड़ियों को दलीप ट्रॉफी का फाइनल खेलने देंगे या अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भेजेंगे। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, गंभीर को यह तय करना है कि ये तीनों खिलाड़ी दलीप ट्रॉफी का फाइनल खेलेंगे या नहीं।
तिलक वर्मा के जाने से साउथ जोन को बड़ा नुकसान नहीं होगा, क्योंकि उसके टीम में कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जो टीम इंडिया के लिए खेल चुके हैं और वे टीम का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। इस टीम में करुण नायर और जगदीशन जैसे खिलाड़ी तो शामिल हैं ही, साथ ही केएल राहुल, मोहम्मद सिराज और देवदत्त पडिक्कल को साउथ जोन के लिए खेलने के लिए कहा गया है। ये तीनों ही खिलाड़ी अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं, जबकि ईस्ट जोन की सबसे बड़ी दो ताकत ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी ही हैं।
हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अगर गौतम गंभीर चाहें तो ये तीनों खिलाड़ी दलीप ट्रॉफी का फाइनल खेलकर 10 सितंबर की शाम को दिल्ली में टीम के साथ जुड़ सकते हैं। इस तरह उन्हें बिना आराम के साथ अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में उतरना पड़ेगा। वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन और तिलक वर्मा टी20 टीम के अहम सदस्य हैं।
गंभीर के फैसले से टूट सकता है सूर्यवंशी का सपना
ऐसे में अगर गंभीर चाहें तो ये तीनों खिलाड़ी दलीप ट्रॉफी का फाइनल छोड़ सकते हैं और अगर ऐसा होता है तो ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी का दलीप ट्रॉफी का खिताब जीतने का सपना टूट जाएगा। अब तक वेस्ट जोन ने 19 बार दलीप ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया है, तो वहीं साउथ जोन ने 13 बार ट्रॉफी उठाई है, जबकि ईस्ट जोन भी दो बार चैंपियन रह चुका है।
Sports – Patrika | CMS


VAIBHAV SURYAVANSHI SEMI FINAL BLAST 

