Janhvi Kapoor On Koffee With Karan: करण जौहर का चर्चित चैट शो ‘कॉफी विद करण 9’ एक बार फिर बॉलीवुड सितारों की निजी जिंदगी से जुड़े खुलासों को लेकर चर्चा में है। शो के नए एपिसोड में जान्हवी कपूर और वरुण धवन एक साथ नजर आए। बातचीत के दौरान जान्हवी ने अपने रिश्ते, शादी की योजना, शिखर पहाड़िया के साथ अपने संबंध और अपनी मां श्रीदेवी के निधन के बाद मिले सपोर्ट से लेकर फिल्म ‘पेड्डी’ से जुड़े विवाद पर भी खुलकर बात की। वहीं रैपिड फायर राउंड में उन्होंने वीर पहाड़िया को ऐसी डेटिंग सलाह दी, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया।
वीर पहाड़िया को दी मजेदार डेटिंग एडवाइस
रैपिड फायर राउंड में करण जौहर ने जान्हवी से पूछा कि वह वीर पहाड़िया को डेटिंग को लेकर क्या सलाह देंगी। इसके जवाब में जान्हवी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वीर को अपनी पार्टनर को कभी कॉन्सर्ट में नहीं ले जाना चाहिए।
जान्हवी की यह टिप्पणी एपी ढिल्लों के मुंबई कॉन्सर्ट से जुड़ी चर्चाओं के बीच आई है। इस कार्यक्रम में तारा सुतारिया भी मंच पर एपी ढिल्लों के साथ नजर आई थीं, जबकि वीर ऑडियंस में दिखाई दिए थे। कार्यक्रम के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। हालांकि, वायरल वीडियो से किसी रिश्ते के टूटने की वजह की पुष्टि नहीं होती है।
शिखर से शादी पर बोलीं- अभी 2-3 साल नहीं
शो में करण जौहर ने जान्हवी से शिखर पहाड़िया के साथ शादी की योजना के बारे में सवाल किया। जान्हवी ने साफ कहा कि फिलहाल अगले दो से तीन साल तक शादी करने का उनका इरादा नहीं है।
उन्होंने यह भी बताया कि अलग-अलग रिश्तों में मुश्किल दौर आने के बावजूद उन्होंने और शिखर ने एक-दूसरे का साथ दिया है। जान्हवी ने कहा कि दोनों अपने रिश्ते को संभालने में अच्छे हैं।
श्रीदेवी के निधन के बाद शिखर ने किया था सपोर्ट
जान्हवी ने अपनी मां और दिग्गज अभिनेत्री श्रीदेवी के निधन के बाद शिखर पहाड़िया के समर्थन को भी याद किया। उन्होंने बताया कि उस समय शिखर लंदन में पढ़ाई कर रहे थे और उन्होंने करीब आधे सेमेस्टर का ब्रेक लेकर मुंबई आने का फैसला किया था।
शिखर पहले अपने पिता के साथ रहे और बाद में करीब एक महीने के लिए जुहू में अपने दोस्त के घर रहने लगे। जान्हवी के मुताबिक, शिखर का मकसद सिर्फ इतना था कि अगर उन्हें उनकी जरूरत पड़े तो वह आसपास मौजूद रहें। खास बात यह थी कि उस समय दोनों रिश्ते में नहीं थे।
ईशान खट्टर का नाम आया तो जान्हवी ने रोका करण को
करण जौहर ने बातचीत के दौरान जान्हवी के पुराने रिश्तों का जिक्र किया और ईशान खट्टर का नाम भी सामने आया। इस पर जान्हवी ने मजाकिया अंदाज में करण को संकेत दिया कि वह इस विषय में कुछ ज्यादा ही अंदर जा रहे हैं। उन्होंने शिखर के साथ अपने मौजूदा रिश्ते को लेकर भी बात की।
‘पेड्डी’ विवाद पर जाह्नवी ने मानी गलती
शो में जान्हवी ने अपनी तेलुगु फिल्म ‘पेड्डी’ से जुड़े विवाद पर भी बात की। उन्होंने माना कि फिल्म में उनके किरदार को जिस तरह दिखाया गया, उसमें उन्हें ज्यादा सतर्क रहना चाहिए था। जान्हवी ने कहा कि उन्हें अपनी आपत्तियां और मजबूती से सामने रखनी चाहिए थीं।
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस मामले में अपनी भूमिका की जिम्मेदारी न लेने का उन्हें पछतावा है। उनके मुताबिक, फिल्म में दिखाई गई चीजों का महिलाओं को लेकर समाज की सोच पर नकारात्मक असर पड़ सकता था और इस बात का बोझ वह लंबे समय तक महसूस करेंगी।
जान्हवी ने बताया कि शूटिंग के दौरान वह अक्सर कलाकार और निर्देशक के रिश्ते में प्रोफेशनल रहने की कोशिश करती रहीं और निर्देशक की बात मानती रहीं। लेकिन अब उन्हें लगता है कि उन्हें कुछ मामलों में अपनी बात ज्यादा स्पष्ट तरीके से रखनी चाहिए थी।

