विराट कोहली और एबी डिविलियर्स नहीं, राशिद खान की नजर में ये भारतीय है ‘ग्रेटेस्ट T20 क्रिकेटर ऑफ ऑल टाइम’

विराट कोहली और एबी डिविलियर्स नहीं, राशिद खान की नजर में ये भारतीय है ‘ग्रेटेस्ट T20 क्रिकेटर ऑफ ऑल टाइम’

Rashid khan on Greatest T20 Cricketer Of All Time: अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान ने जसप्रीत बुमराह को ग्रेटेस्ट टी20 क्रिकेटर ऑफ ऑल टाइम चुना। जानें विराट कोहली और एबी डिविलियर्स को पछाड़कर बुमराह क्यों बने उनकी पहली पसंद। 

Greatest T20 Cricketer Of All Time: टी-20 क्रिकेट में जब सबसे महान खिलाड़ी की बात होती है, तो विराट कोहली और एबी डिविलियर्स जैसे दिग्गजों का नाम जरूर आता है। लेकिन अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान की पसंद कुछ अलग है। उन्होंने भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को ‘ग्रेटेस्ट टी-20 क्रिकेटर ऑफ ऑल टाइम चुना’ है। इसके लिए राशिद खान ने एक वीडियो में अलग-अलग खिलाड़ियों के बीच चुनाव किया। आखिर में उन्होंने बुमराह को सबसे आगे रखा।

राशिद खान ने ऐसे चुना अपना पसंदीदा खिलाड़ी

क्रिकइंफो ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर यह वीडियो पोस्ट किया। इसमें राशिद से दो-दो खिलाड़ियों में से किसी एक को चुनने के लिए कहा गया। पहले दौर में उन्होंने सुनील नरेन के बजाय खुद को चुना। वहीं, एबी डिविलियर्स को आंद्रे रसेल से बेहतर माना। विराट कोहली और क्रिस गेल में से उन्होंने कोहली को चुना। इसके अलावा जसप्रीत बुमराह को कीरोन पोलार्ड पर तरजीह दी।

अगले दौर में राशिद खान के सामने खुद और डिविलियर्स में से किसी एक को चुनने का विकल्प था। उन्होंने डिविलियर्स का नाम लिया। फिर उनसे कोहली और बुमराह में से किसी एक को चुनने के लिए कहा गया। इस बार उन्होंने जसप्रीत बुमराह को चुना।

आखिरी मुकाबला डिविलियर्स और बुमराह के बीच था। राशिद ने भारतीय तेज गेंदबाज को अपना विजेता चुना। बुमराह की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, ‘बुमराह अविश्वसनीय हैं।’

जसप्रीत बुमराह का शानदार T20 करियर

जसप्रीत बुमराह भारतीय क्रिकेट के सबसे अहम तेज गेंदबाजों में शामिल हैं। उन्होंने 2013 में मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल डेब्यू किया था। उस समय उनकी उम्र महज 19 साल थी। उनका पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ था। उन्होंने आईपीएल करियर में अपना पहला विकेट विराट कोहली को आउट कर लिया था।

जसप्रीत बुमराह ने भारत की 2024 और 2026 T20 वर्ल्ड कप में भी अहम भूमिका निभाई। 2024 के विश्व कप में उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था। वहीं, 8 मार्च 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में उन्होंने चार विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच बने।

इसके अलावा बुमराह मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। वह भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी सबसे सफल गेंदबाजों में शामिल हैं। उनके प्रदर्शन और दबाव में विकेट लेने की क्षमता ने उन्हें खास पहचान दिलाई है। राशिद खान की यह पसंद एक बार फिर दिखाती है कि टी-20 क्रिकेट में तेज गेंदबाजों का प्रभाव कितना बड़ा हो सकता है।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *