अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव की तैयारियों के दृष्टिगत उत्तराखंड कांग्रेस ने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को लेकर बृहस्पतिवार से न्याय यात्रा की शुरुआत की। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में अलग-अलग जगहों से विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना के बाद उत्तराखंड न्याय यात्रा शुरू की गयी जो प्रदेश के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। इस यात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।
देहरादून में इस यात्रा का आगाज प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष और चकराता विधायक प्रीतम सिंह एवं पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला के नेतृत्व में प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा—अर्चना के साथ किया गया। देहरादून में राजपुर रोड पर पार्टी मुख्यालय से गांधी पार्क होते हुए राजीव गांधी काम्प्लेक्स तक तथा मसूरी में इन्दर बाबा मार्ग कैनाल रोड़ से वैली गैस तक पद यात्रा आयोजित की गई। दूसरे दल का नेतृत्व गोदियाल, विधायक विक्रम सिंह नेगी एवं लखपत बुटोला कर रहे हैं जिसने अपनी यात्रा की शुरुआत चमोली जिले में बदरीनाथ मंदिर में पूजा करने के बाद की।
यात्रा के तहत बदरीनाथ, जोशीमठ, पीपलकोटी एवं चमोली में पदयात्राएं निकाली गयीं। राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा तथा विधायक भुवन कापड़ी और तिलकराज बेहड़ की अगुवाई में तीसरे दल ने अल्मोड़ा के प्रसिद्ध गोलज्यूं मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ यात्रा की शुरुआत की। इसके तहत रानीखेत, खैरना, भवाली, भीमताल एवं हल्द्वानी में पदयात्रा रैलियों का आयोजन किया गया।
बदरीनाथ धाम में यात्रा की शुरुआत करते हुए गोदियाल ने आरोप लगाया कि स्वयं को सनातन धर्म और धार्मिक आस्थाओं की सबसे बड़ी हितैषी होने का दावा करने वाली भाजपा के शासन में बदरीनाथ मंदिर और अयोध्या के राम मन्दिर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चढ़ावा भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘यह केवल धन की चोरी का मामला नहीं, बल्कि देश एवं विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की श्रद्धा, विश्वास और धार्मिक भावनाओं से जुड़ा संवेदनशील विषय है।’’
गोदियाल ने उत्तराखंड में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और रोजगार की बदहाल स्थिति के साथ ही जंगली जानवरों के बढ़ते हमलों से लोगों के जीवन के संकट में होने, भ्रष्टाचार चरम पर होने और प्रदेश के संसाधनों पर बाहरी और प्रभावशाली लोगों पर कब्जे जैसे मुद्दों पर भी राज्य सरकार को घेरा और कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के हितों के लिए संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड न्याय यात्रा कांग्रेस का केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश की पीड़ित, उपेक्षित और अधिकारों से वंचित जनता को न्याय दिलाने का जन आंदोलन है।
गोदियाल ने कहा, ‘‘इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेस गांव-गांव, शहर-शहर और घर-घर जाकर भाजपा सरकार की विफलताओं को उजागर करेगी तथा जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएगी।’’

