विधानसभा अध्यक्ष ने कोटा के नए मेयर-पार्षदों को बधाई दी:कहा-जनता ने विकास पर मुहर लगाई, अब रफ्तार पकड़ेगा शहर

विधानसभा अध्यक्ष ने कोटा के नए मेयर-पार्षदों को बधाई दी:कहा-जनता ने विकास पर मुहर लगाई, अब रफ्तार पकड़ेगा शहर

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी एक दिवसीय दौरे पर शनिवार को कोटा पहुंचे। सर्किट हाउस में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। देवनानी ने कहा कि वे कोटा कार्यकर्ताओं और कुछ वरिष्ठ लोगों से मिलने आए हैं। काफी समय से जिलाध्यक्ष और विधायकों की इच्छा थी कि वे कोटा आएं, इसी के तहत उनका यह दौरा हुआ है। देवनानी ने कहा कि वे कोटा में चुनाव परिणामों के बाद जीत की खुशी में शामिल होने और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देने पहुंचे हैं। उन्होंने राजस्थान में आए निकाय चुनाव के परिणामों को सुखद बताते हुए कहा जनता ने विकास कार्यों पर विश्वास जताया है। केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं को गति मिली है। इस दौरान देवनानी ने चुनाव में जीत दर्ज करने वाले मेयर, डिप्टी मेयर और पार्षदों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि चुनाव राजनीतिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं, लेकिन जनता ने विकास के मुद्दे पर मुहर लगाई है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मेहनत की और स्वस्थ राजनीतिक परंपरा के साथ अच्छी संख्या में जीत दर्ज की है। देवनानी ने कोटा के विकास को लेकर कहा कि मेयर, डिप्टी मेयर और पार्षदों के चुने जाने के बाद शहर के विकास को और गति मिलेगी। उन्होंने विकास की तुलना चार पहियों वाली गाड़ी से करते हुए कहा कि एक पहिया केंद्र सरकार, दूसरा राज्य सरकार, तीसरा विधायक और चौथा पहिया मेयर-पार्षद हैं। जनता ने इन पहियों को आगे बढ़ाने का अवसर दिया है। अब विकास की गाड़ी का एक्सीलेटर दबाने की जरूरत है। उन्हें उम्मीद है कि कोटा भी अन्य शहरों की तरह विकास की गति पकड़ेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *