विदिशा में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अनुपम मेगा सिटी में दबिश देकर करीब 87 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान शराब से जुड़े दो आरोपी मौके से फरार मिले, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अनुपम मेगा सिटी में बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब रखी गई है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी आनंद राज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। अलग-अलग ब्रांड की शराब मिली पुलिस की तलाशी के दौरान मौके से विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने करीब 87 लीटर शराब जब्त कर ली। जब्त शराब की कीमत लगभग 1.50 लाख रुपए आंकी गई है। दो आरोपियों की तलाश जारी पुलिस के अनुसार जब्त शराब सागर खटीक और शिवम सिसोदिया की बताई जा रही है। दोनों आरोपी कार्रवाई के दौरान मौके पर नहीं मिले और फरार हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अवैध शराब कारोबारियों पर जारी रहेगी कार्रवाई थाना प्रभारी आनंद राज ने बताया कि जिले में अवैध शराब की बिक्री और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

