देवरिया के गौरीबाजार थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात सड़क हादसे में शराब की दुकान पर काम करने वाले सेल्समैन की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घर लौटते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर गौरीबाजार थाना क्षेत्र के लेहड़ा धोबी टोला निवासी रामानंद मौर्य (50) पुत्र स्वर्गीय ललई मौर्य कुशीनगर जिले के हाटा स्थित शराब की दुकान पर सेल्समैन थे। शुक्रवार देर शाम वह रोज की तरह बाइक से घर लौट रहे थे। वह देवरिया-हाटा मार्ग पर गौरीबाजार के पास पहुंचे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रामानंद गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल रामानंद की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी रेशमी देवी, बेटे पिन्दू, जितेंद्र और राहुल तथा बेटी लक्ष्मीना का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

