वाशिम के Malegaon में दुर्गा विसर्जन जुलूस पर पथराव, दो पक्षों में तनाव

वाशिम के Malegaon में दुर्गा विसर्जन जुलूस पर पथराव, दो पक्षों में तनाव

महाराष्ट्र के वाशिम जिले के मालेगांव कस्बे में नवरात्र के बाद दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस पर कुछ लोगों ने पथराव किया जिससे क्षेत्र में तनाव फैल गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना बुधवार रात करीब 10 बजे विदर्भ क्षेत्र में स्थित मालेगांव के टीपू सुल्तान चौक के पास हुई।

विसर्जन के दौरान उड़ाया गया गुलाल कथित तौर पर एक मकान पर गिरने के बाद यह घटना हुई। मालेगांव थाने के एक अधिकारी ने बताया कि इसके बाद कुछ व्यक्तियों ने विसर्जन में शामिल लोगों पर पथराव किया जिससे दो समूहों के बीच टकराव हो गया। घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

अधिकारी ने बताया कि मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत स्थिति पर काबू पा लिया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद शुरू में विसर्जन के आयोजकों ने इस बात पर जोर दिया कि आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक प्रतिमा विसर्जन नहीं किया जाएगा।

इसके बाद बड़ी संख्या में लोग हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए मालेगांव थाने के बाहर जमा हो गए। पुलिस के हस्तक्षेप और सुरक्षा व्यवस्था किए जाने के बाद बृहस्पतिवार तड़के करीब चार बजे प्रतिमा विसर्जन की विधि पूरी की गई। पुलिस ने बताया कि उसने कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली है और मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने तथा अफवाहों पर विश्वास नहीं करने या अफवाहों को फैलाने से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *