वायुसेना के रिटायर्ड वारंट अफसर को बेटे समेत पीटा:प्रयागराज में बाइक में टक्कर लगने पर रॉड-डंडों से पीटने में पार्षद समेत 3 पर FIR

वायुसेना के रिटायर्ड वारंट अफसर को बेटे समेत पीटा:प्रयागराज में बाइक में टक्कर लगने पर रॉड-डंडों से पीटने में पार्षद समेत 3 पर FIR

प्रयागराज के कर्नलगंज में मोटरसाइकिल में टक्कर लगने के बाद हुए विवाद में वायुसेना के रिटायर्ड वारंट अफसर और उनके बेटे से मारपीट की गई। पहले बेटे को पीटा गया और जब वह बीचबचाव करने पहुंचे तो उन पर भी हमला किया गया। उनकी तहरीर पर कर्नलगंज पुलिस ने पूर्व पार्षद नितिन यादव, उनके भतीजे समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। बाल कटवाकर लौटते समय घटना
छोटा बघाड़ा निवासी प्रताप बहादुर सिंह ने पुलिस को बताया कि 14 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे उनका बेटा सुधीर कुमार मोटरसाइकिल से बाल कटवाने गया था। लौटते समय पूर्वांचल चौराहे के पास उसकी मोटरसाइकिल में एक अन्य मोटरसाइकिल सवार ने टक्कर मार दी।
सुधीर ने मोटरसाइकिल ठीक से चलाने की बात कही तो आरोप है कि दूसरे पक्ष का युवक गाली-गलौज करने लगा और मारपीट शुरू कर दी।
जान से मारने की भी धमकी दी
इसी दौरान पूर्व पार्षद नितिन यादव, उनका भतीजा और एक अन्य युवक मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने मिलकर सुधीर के साथ मारपीट की और रॉड व पाइप से उसे पीटा। इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
बेटे को बचाने पहुंचे पिता से भी मारपीट
प्रताप बहादुर ने बताया कि कुछ बच्चों ने उनके पास आकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे और बेटे को बचाने व विवाद शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की।
तहरीर में उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनके फौजी होने को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की गई और अपशब्द कहे गए।
कर्नलगंज पुलिस ने शुरू की जांच
कर्नलगंज पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्रा ने बताया कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *