भिवानी जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लोहारू थाना पुलिस ने गांव सिंघानी में सर्च एवं चेकिंग अभियान चलाया। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सत्यनारायण के नेतृत्व में हुए इस अभियान में भिवानी से इंस्पेक्टर चांद सिंह और डॉग स्क्वायड की टीम भी शामिल रही। पुलिस टीम ने गांव सिंघानी के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और मुख्य बाजार सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग की। इस दौरान दुकानों और मकानों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी गई। दुकानदारों को नशीले पदार्थों की बिक्री न करने की हिदायत अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया। पुलिस ने दुकानदारों को भी हिदायत दी कि वे अपनी दुकानों या आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर नशीले पदार्थों का सेवन या बिक्री न होने दें। इसी अभियान के तहत लोहारू में एक स्कूल के पास तंबाकू बेच रहे दुकानदार का चालान किया गया। पुलिस ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि शिक्षण संस्थानों के आसपास तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री नहीं की जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आगे भी जारी रहेगा अभियान पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे का कारोबार करने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और नशा मुक्त समाज बनाने में सहयोग करें।

